जमशेदपुर। गोलमुरी स्थित श्री श्याम उत्सव मंडल द्वारा आयोजित दो दिवसीय श्री श्याम महोत्सव 25 अप्रैल, शनिवार से शुरू होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ शाम 7 बजे गोलमुरी फूड प्लाजा में किया जाएगा, जहां बाबा श्याम को भव्य दरबार में विराजमान किया जाएगा।


















महोत्सव के दौरान अखंड ज्योत, छप्पन भोग और भजनों की अमृत वर्षा से भक्तिमय माहौल बनाया जाएगा। देर रात तक चलने वाली भजन संध्या में मुंबई, कोलकाता और जमशेदपुर के भजन गायक अपनी प्रस्तुतियां देंगे, जिससे श्रद्धालु भक्ति रस में सराबोर होंगे।
आयोजन को लेकर मंडल द्वारा व्यापक तैयारियां की गई हैं। लगभग 10,000 वर्ग फीट में लोहे का भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है, जिसमें करीब 5,000 श्रद्धालुओं के बैठने की व्यवस्था होगी। कार्यक्रम स्थल के साथ-साथ मुख्य मार्ग को रंग-बिरंगी रोशनी से सजाया गया है। बाबा श्याम के दरबार की सजावट के लिए बंगाल से विशेष कारीगरों को बुलाया गया है।
महोत्सव के दूसरे दिन 26 अप्रैल, रविवार को दोपहर 12:30 बजे से बाबा श्याम की रसोई का आयोजन किया जाएगा, जिसमें शहर के 5,000 से अधिक लोगों के लिए प्रसाद वितरण की व्यवस्था की गई है। आयोजन की सफलता को लेकर मंडल के सदस्य दिन-रात तैयारियों में जुटे हुए हैं और पूरे क्षेत्र में उत्सव को लेकर उत्साह का माहौल है।
