गिरिडीह : डुमरी प्रखंड के छोटकी बैरगी जंगल में करीब 25 जंगली हाथियों का झुंड पहुंचने से आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। हाथियों की मौजूदगी को देखते हुए वन विभाग ने बड़की बैरगी समेत आसपास की कई पंचायतों में अलर्ट जारी किया है। वन विभाग ने ग्रामीणों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। लोगों को अंधेरा होने के बाद घरों से बाहर नहीं निकलने, हाथियों के झुंड के पास भीड़ नहीं लगाने और हाथियों का वीडियो बनाने के लिए उनके नजदीक नहीं जाने की सलाह दी गई है।

हाथियों की गतिविधियों पर वन विभाग की नजर
हाथियों के झुंड की लगातार निगरानी के लिए एलिफेंट ड्राइव टीम को सक्रिय किया गया है। टीम हाथियों की गतिविधियों और उनके संभावित आवागमन वाले क्षेत्रों पर नजर रख रही है। वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि हाथियों को किसी भी तरह से परेशान या उकसाने की कोशिश न करें और झुंड दिखाई देने पर सुरक्षित दूरी बनाए रखें। साथ ही किसी भी आपात स्थिति में तत्काल वन विभाग को सूचना देने की सलाह दी गई है। हाथियों के जंगल में पहुंचने के बाद आसपास के गांवों में सतर्कता बढ़ा दी गई है।
