जमशेदपुर : कोल्हान क्षेत्र के लिए स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में एक ऐतिहासिक उपलब्धि जुड़ने जा रही है। आदित्यपुर में नव-निर्मित नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल (NSMCH) का औपचारिक उद्घाटन आज शुक्रवार, 9 जनवरी को झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन करेंगे। इस अवसर को लेकर कॉलेज प्रशासन और जिला प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।

नेताजी सुभाष मेडिकल कॉलेज एंड हॉस्पिटल के शुरू होने से कोल्हान प्रमंडल के लाखों लोगों को आधुनिक और उच्चस्तरीय चिकित्सा सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होंगी। अब गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को रांची, कोलकाता या अन्य महानगरों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
कॉलेज के चेयरमैन मदन मोहन सिंह ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में जानकारी देते हुए बताया कि यह कोल्हान क्षेत्र का पहला और एकमात्र 650 बेड वाला निजी मेडिकल कॉलेज अस्पताल है। यहां अत्याधुनिक मशीनों, विशेषज्ञ डॉक्टरों और आधुनिक चिकित्सा तकनीक के माध्यम से इलाज की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
उन्होंने बताया कि अस्पताल में इमरजेंसी, आईसीयू, सुपर स्पेशियलिटी विभाग, आधुनिक ऑपरेशन थिएटर, जांच लैब और मेडिकल शिक्षा से जुड़ी सभी आवश्यक सुविधाएं मौजूद हैं। मेडिकल कॉलेज के संचालन से न केवल स्वास्थ्य सेवाएं मजबूत होंगी, बल्कि क्षेत्र के युवाओं को मेडिकल शिक्षा के नए अवसर भी मिलेंगे।
मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर कार्यक्रम स्थल पर सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष तैयारी की गई है। स्थानीय लोगों में इस उद्घाटन को लेकर काफी उत्साह देखा जा रहा है।
