मांडर। मांडर पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध कफ सिरप की तस्करी करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार तस्कर की पहचान महाराष्ट्र के आई-ब्लॉक जनता कॉलोनी, प्रेम नगर, दुबे चाल, जोगेश्वरी ईस्ट, मुंबई निवासी 40 वर्षीय वसीम निजाम शेख पिता निजाम शेख के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी को रविवार की देर रात जेल भेज दिया।



रांची वरीय पुलिस अधीक्षक को यूपी क्राइम ब्रांच के माध्यम से सूचना मिली थी कि एक ट्रक (पंजीयन संख्या इन एल 01 ए एच -5510) में अवैध रूप से भारी मात्रा में कफ सिरप लोड कर रांची जिले के चान्हो थाना क्षेत्र की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई हेतु एसएसपी रांची के निर्देश पर ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में डीएसपी खलारी के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एनएच-39 पर टांगरबसली मोड़ के पास वाहन जांच अभियान चलाया। जांच के दौरान संदिग्ध ट्रक को चान्हो की ओर से आते देखा गया और पुलिस ने सशस्त्र बल की सहायता से वाहन को रोक लिया। पूछताछ में चालक ने बताया कि ट्रक में सड़ा हुआ चावल लदा है, लेकिन जांच के दौरान चावल की बोरियों के नीचे छिपाकर रखे गए 134 प्लास्टिक बोरे में अवैध कफ सिरप पाया गया। औषधि निरीक्षक, रांची-6 को सूचना देने पर वे मौके पर पहुंचे और बोरियों को खोलकर जांच की। जांच में यह पाया गया कि बोतलें “फेसेडयल – सौ एम एल” ब्रांड की हैं, जो अब्बूट हेअल्थीकारे प्राइवेट लिमिटेड, बद्दी (हिमाचल प्रदेश) द्वारा निर्मित हैं।
सभी बोतलों का बैच नंबर पी एच डी 24542, निर्माण तिथि दिसंबर 2024 और समाप्ति तिथि फरवरी 2026 दर्ज है। कुल 13,400 बोतल कफ सिरप बरामद हुई। जब ट्रक चालक से इस माल से संबंधित दस्तावेज मांगे गए, तो वह कोई भी वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने ट्रक समेत सभी कफ सिरप की बोतलों को जप्त कर लिया और आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया।
मांडर पुलिस की यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है। छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक खलारी राम नारायण चौधरी, औषधी निरीक्षक राँची अमित कुमार, माण्डर थाना प्रभारी थाना मनोज करमाली, बिरजु कुमार साव, रंजीत किशोर, सुधीर कुमार सिंह, ब्रजेश महतो, जगदीश राम, सुनील कुमार पासवान समेत पुलिस शास्त्र बाल मौजूद थे।



