चक्रधरपुर : पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के डेरोवा व पोसैता स्टेशन के बीच गीतांजलि एक्सप्रेस ट्रेन की चपेट में आने से एक रेलकर्मी ट्रैक मेंटेनर की मौत हो गई. घटना रविवार रात लगभग साढ़े आठ बजे की बतायी जाती है. बताया जाता है कि रेलवे इंजीनियरिंग विभाग में ट्रैक मेंटेनर विक्की कुमार पेट्रोलिंग ड्यूटी के दौरान रेलवे ट्रैक की जांच कर रहा था. इसी दौरान 12860 हावड़ा–मुंबई गीतांजलि एक्सप्रेस की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई. इधर घटना की जानकारी वहां मौजूद अन्य रेलकर्मियों को होने पर इसकी सूचना स्टेशन मास्टर को दी गई. इसके बाद शव को ट्रैक से उठाकर गोईकेरा लाया गया. वहीं सोमवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए चक्रधरपुर अनुमंडल अस्पताल भेज दिया गया. मृतक विक्की कुमार बिहार के गया का रहने वाला था. उसने तीन महीने पहले ही चक्रधरपुर रेल मंडल में योगदान दिया था. इधर, रेलवे के अधिकारियों द्वारा घटना की सूचना मृतक के परिजनों को दी गई. इस घटना से रेलकर्मियों में शोक की लहर है।



