रांची : कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में बुधवार को झारखंड डेफ (बधिर) क्रिकेट एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल एवं भारतीय डेफ क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने टाटा डिगवाडीह स्टेडियम, धनबाद में आयोजित डेफ क्रिकेट टूर्नामेंट/सीरीज के फाइनल में नेपाल को हराकर खिताब जीतने पर भारतीय टीम को बधाई दी।



मुख्यमंत्री ने कहा कि यह उपलब्धि देश के साथ-साथ झारखंड के लिए भी गौरव की बात है। भारतीय डेफ क्रिकेट टीम में झारखंड के कई खिलाड़ियों का प्रतिनिधित्व राज्य की खेल प्रतिभा, समर्पण और क्षमता को दर्शाता है।
इस मौके पर मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मुलाकात करने वालों में झारखंड डेफ क्रिकेट एसोसिएशन के सचिव रंजीत कुमार, डेफ क्रिकेट टीम के कप्तान सोनू सिंह, खिलाड़ी रुस्तम हुसैन, शोएब अख्तर, दीपक कुमार तथा अनुवादक रीमा साहु शामिल थीं।
