चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चक्रधरपुर थाना क्षेत्र में एक किशोरी के साथ दुष्कर्म का मामला सामने आया है। पीड़िता के आवेदन के आधार पर चक्रधरपुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार चक्रधरपुर थाना पुलिस को बुधवार को एक नाबालिग ने लिखित शिकायत की। शिकायत में कहा गया कि चक्रधरपुर थाना क्षेत्र के मोहलपानी के परिया गांव निवासी आरोपी 55 वर्षीय सरदार बंदिया ने उसके साथ दुष्कर्म किया है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एफआईआर दर्ज कर ली।

पूछताछ के दौरान नाबालिग ने पुलिस को बताया कि जब हम बैल को घास खिला रहे थे तभी अचानक मोहलपानी के परिया गांव निवासी आरोपी 55 वर्षीय सरदार बंदिया उसे बहला-फुसलाकर अपने साथ सुनसान जगह ले गया। फिर डरा धमका कर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाया। इसके बाद उसने इस बात की जानकारी किसी को नहीं देने को कहा। बताने पर जान से मार देने की धमकी दी।
पीड़िता के बयान के आधार पर पुलिस ने तुरंत एक्शन लिया और आरोपी सरदार बंदिया को गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता द्वारा दिए गए लिखित आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को पोक्सो एक्ट के तहत जेल भेज दिया। इधर पुलिस नाबालिग को मेडिकल कराने चाईबासा सदर अस्पताल ले गई। यहां से मेडिकल कराने के बाद उसका धारा 144 के तहत कोर्ट में बयान दर्ज कराया गया।
