राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानन्द सिन्हा के नेतृत्व में सौंपा ज्ञापन, पत्रकार सुरक्षा कानून समेत कई मांगों पर हुई चर्चारांची, झारखंड। पत्रकारों के हित, सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर वॉयस ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानन्द सिन्हा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मंगलवार को राजधानी रांची स्थित लोकभवन में महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल को पत्रकारों की विभिन्न समस्याओं एवं लंबित मांगों से अवगत कराते हुए उनके समाधान के लिए आवश्यक पहल करने का आग्रह किया।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल की ओर से महामहिम राज्यपाल को अंगवस्त्र, पुष्पगुच्छ एवं स्मृतिचिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद पत्रकारों के हित एवं कल्याण से संबंधित विभिन्न महत्वपूर्ण मांगों को लेकर राज्यपाल को ज्ञापन सौंपा गया।

प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में समाज और शासन-प्रशासन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी का कार्य करते हैं। विषम परिस्थितियों में भी पत्रकार अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए जनसमस्याओं को सामने लाने तथा सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम जनता तक पहुंचाने का कार्य करते हैं। इसके बावजूद बड़ी संख्या में पत्रकारों को सुरक्षा, आवास, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं सामाजिक सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं का सामना करना पड़ता है।
पत्रकार सुरक्षा कानून लागू करने की मांग
प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के समक्ष पत्रकार सुरक्षा कानून को जल्द लागू करने, पत्रकारों को उचित मूल्य पर मकान एवं आवास की सुविधा उपलब्ध कराने, पत्रकारों के बच्चों की शिक्षा में फीस में राहत/छूट एवं छात्रवृत्ति की व्यवस्था करने तथा पत्रकारों एवं उनके परिवारों के लिए स्वास्थ्य बीमा एवं बेहतर चिकित्सा सुविधा सुनिश्चित करने सहित कई मांगें रखीं।
इसके अलावा पत्रकारों के कल्याण एवं सामाजिक सुरक्षा से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी राज्यपाल का ध्यान आकृष्ट कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा और सम्मान सुनिश्चित होने से वे बिना किसी दबाव के अधिक निर्भीकता एवं निष्पक्षता के साथ जनहित के मुद्दों को सामने ला सकेंगे।
राज्यपाल ने दिया सकारात्मक आश्वासन
महामहिम राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता एवं सहानुभूतिपूर्वक सुना। उन्होंने पत्रकारों की मांगों एवं समस्याओं पर सकारात्मक रुख व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों की जायज मांगों को लेकर यथोचित रूप से राज्य सरकार को आवश्यक निर्देश एवं सुझाव देने की दिशा में पहल की जाएगी।
वॉयस ऑफ जर्नलिस्ट्स के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पत्रकारों के हित, सम्मान और सुरक्षा के लिए संगठन निरंतर लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से अपनी आवाज बुलंद करता रहेगा। संगठन का उद्देश्य पत्रकारों को सुरक्षित, सम्मानजनक एवं बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के साथ-साथ उनके परिवारों के कल्याण के लिए भी सकारात्मक पहल करना है।
इस अवसर पर वॉयस ऑफ जर्नलिस्ट्स के राष्ट्रीय अध्यक्ष देवानन्द सिन्हा, राष्ट्रीय संगठन मंत्री सुजीत सिन्हा, राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष मधु सिन्हा, झारखंड प्रदेश उपाध्यक्ष आशीष मिश्रा एवं रांची जिलाध्यक्ष चंद्र प्रकाश रावत सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि राज्यपाल के सकारात्मक आश्वासन के बाद पत्रकारों की वर्षों से लंबित मांगों को लेकर राज्य सरकार की ओर से भी गंभीरता से पहल होगी और पत्रकार हित में ठोस कदम उठाए जाएंगे।