चांडिल। झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मंगलवार को अपनी धर्मपत्नी एवं गांडेय विधायक कल्पना सोरेन के साथ चांडिल स्थित अपने मामा घर पहुंचे। यहां उन्होंने पारिवारिक परंपरा और रीति-रिवाजों के अनुसार पारंपरिक रस्म अदायगी की। मुख्यमंत्री का मामा घर धातकीडीह (कांगलाटांड़) में स्थित है। उनके पहुंचने पर पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से मुख्यमंत्री को गार्ड ऑफ ऑनर भी दिया गया।
दरअसल, झारखंडी समाज में माता-पिता के निधन के बाद अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन जैसी धार्मिक एवं पारिवारिक प्रक्रियाएं पूरी करने के पश्चात मामा घर जाकर पारंपरिक रस्म अदायगी करने की परंपरा प्रचलित है। इस रस्म के तहत मामा घर में पैर धोकर स्वागत किया जाता है और भोजन कराने की परंपरा निभाई जाती है। इसे छुतका दूर करने की रस्म भी कहा जाता है।
गौरतलब है कि बीते दिनों मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की माता रूपी सोरेन का निधन हो गया था। उनके निधन के बाद परिवार की ओर से अंतिम संस्कार, श्राद्धकर्म और अस्थि विसर्जन की रस्में पूरी की गईं। इसी पारिवारिक परंपरा को निभाने के लिए मुख्यमंत्री मंगलवार को पत्नी कल्पना सोरेन के साथ धातकीडीह स्थित मामा घर पहुंचे। इस दौरान पारिवारिक रीति-रिवाजों के अनुसार रस्म अदायगी की गई।




