चांडिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो में गुरुवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। पांडे ढाबा के पास कार और बाइक के बीच जोरदार टक्कर में गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों ने एमजीएम अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान करीब 20 वर्षीय सुभाष कर्मकार और 19 वर्षीय लाया मुखी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से जा रहे थे। इसी दौरान डोबो स्थित पांडे ढाबा के समीप सफेद रंग की कार (JH02BN-3464) से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
PCR वाहन से अस्पताल पहुंचाए गए घायल
घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी पुलिस मौके पर पहुंची। दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए एएसआई मुन्ना राय ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना पुलिस के PCR पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, तमाम प्रयासों के बावजूद इलाज के दौरान दोनों की मौत हो गई।
दो अलग-अलग बस्तियों के रहने वाले थे मृतक
बताया गया है कि मृतकों में एक जमशेदपुर के धतकीडीह मुखी बस्ती का निवासी था, जबकि दूसरा कपाली ओपी क्षेत्र की झोपड़ी बस्ती में रहता था। दोनों युवकों की असमय मौत की खबर से परिवारों में मातम पसरा है।
कार जब्त, पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार को जब्त कर लिया है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और दुर्घटना के लिए कौन जिम्मेदार है, इसकी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि अनुसंधान पूरा होने के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। कम उम्र में दो युवकों की मौत से इलाके में शोक की लहर है। वहीं, इस हादसे ने एक बार फिर सड़क सुरक्षा और तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।




