सरायकेला-खरसावां। कपाली पुलिस ने अवैध हथियार के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान तमोलिया के काड़ाधारा स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाले जम्मूवन महतो उर्फ जम्बो (26 वर्ष) के रूप में हुई है।

कपाली ओपी प्रभारी अविनाश कुमार के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक अवैध हथियार लेकर क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी के दौरान उसके पास से लोडेड देसी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद की गई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
