जमशेदपुर : शहर के व्यस्ततम इलाके बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित धतकीडीह के कुरैशी मोहल्ला में रविवार को दिनदहाड़े हुई फायरिंग से सनसनी फैल गई। भीड़भाड़ वाले इलाके में अचानक चली गोली ने पूरे बाजार को दहशत में डाल दिया। घटना के बाद अफरा-तफरी का माहौल बन गया—दुकानदारों ने आनन-फानन में शटर गिरा दिए, जबकि राहगीर जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए।



प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कुछ युवक गामा होटल के पास पहुंचे और हथियार लहराते हुए लोगों में दहशत फैलाने लगे। इसी दौरान एक राउंड हवाई फायरिंग की गई, जिसकी आवाज से पूरे इलाके में खौफ छा गया। कुछ देर के लिए सड़क पर सन्नाटा पसर गया और लोग सहमे रहे. सूचना मिलते ही बिष्टुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल से एक खोखा बरामद किया है।
सीसीटीवी में कैद हुए बदमाश, दो हिरासत में……
पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालते हुए आरोपियों की पहचान कर ली है। कार्रवाई करते हुए दो युवकों को हिरासत में लिया गया है। उनके पास से घटना में प्रयुक्त हथियार भी बरामद होने की सूचना है। सूत्रों के अनुसार इस फायरिंग में ‘गोरा’ नामक अपराधी का नाम सामने आ रहा है. घटना के बाद आरोपी फरार हो गए थे, जिसके बाद पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी शुरू की और कपाली से उन्हें दबोच लिया।
जांच जारी, कई एंगल पर पुलिस की नजर…..
फायरिंग के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस रंगदारी, आपसी रंजिश और इलाके में दबदबा कायम करने जैसे पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है। घटना के बाद इलाके में पुलिस की गश्त बढ़ा दी गई है और लोगों में सुरक्षा का भरोसा दिलाने की कोशिश की जा रही है।