जमशेदपुर : डीडी बार के बाहर हुए चर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड के बाद पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने शहर के सभी पब और बार की लाइसेंस व्यवस्था की व्यापक जांच शुरू करने का फैसला लिया है। दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र, रांची के अपर पुलिस महानिदेशक ने पूर्वी सिंहभूम के नगर क्षेत्र के सभी पुलिस अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को इस संबंध में सख्त निर्देश जारी किए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, थाना क्षेत्र में संचालित सभी पब और बार का उनकी अनुज्ञप्ति (लाइसेंस) की शर्तों के अनुरूप भौतिक सत्यापन किया जाएगा। सभी संबंधित अधिकारियों को 24 घंटे के भीतर जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन सौंपने का निर्देश दिया गया है।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि जांच के दौरान जिन पब या बार में लाइसेंस की शर्तों का उल्लंघन पाया जाएगा, उनके खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही की गई कार्रवाई की रिपोर्ट उपायुक्त, पूर्वी सिंहभूम को भी भेजी जाएगी।
वरिष्ठ अधिकारियों से मिले मृतक के परिजन…….
इधर, गुरुवार को हिमांशु सिंह हत्याकांड में मृतक के परिजन वरीय पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने दक्षिण छोटानागपुर प्रक्षेत्र के अपर पुलिस महानिदेशक, सिंहभूम (कोल्हान) क्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) तथा नवपदस्थापित वरीय पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की।
बैठक के दौरान वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने मृतक के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए भरोसा दिलाया कि फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित कर उनके विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने कहा कि पूर्वी सिंहभूम पुलिस मामले के पूर्ण खुलासे और शेष आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्रवाई कर रही है. पुलिस की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, मृतक के परिजनों ने भी अब तक की जांच और पुलिस की कार्रवाई पर संतोष व्यक्त किया तथा मामले के शीघ्र खुलासे के लिए हरसंभव सहयोग करने का भरोसा दिया।

