- मात्र 4 दिनों के भीतर CJP (कॉकरोच जनता पार्टी) के इंस्टाग्राम पर 93 लाख से अधिक फॉलोअर्स हुए।
- भारतीय जनता पार्टी (BJP) के 87 लाख फॉलोअर्स के आंकड़े को किया पार।
- सुप्रीम कोर्ट के जस्टिस की एक टिप्पणी के विरोध में शुरू हुआ था यह डिजिटल आंदोलन।
- अनुराग कश्यप, महुआ मोइत्रा और दीया मिर्जा जैसी बड़ी हस्तियों ने किया सपोर्ट।
नई दिल्ली : डिजिटल दुनिया में इस वक्त एक ऐसा भूचाल आया है, जिसने देश की बड़ी-बड़ी राजनीतिक पार्टियों के आईटी सेल को सोचने पर मजबूर कर दिया है। इंस्टाग्राम पर हाल ही में बने एक पैरोडी (व्यंगात्मक) पेज ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) ने लोकप्रियता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। महज चार दिनों के भीतर इस पेज ने 93 लाख से ज्यादा फॉलोअर्स जुटाकर देश की सबसे बड़ी पार्टी सत्ताधारी बीजेपी (87 लाख फॉलोअर्स) को इंस्टाग्राम पर पीछे छोड़ दिया है।



क्या है इस ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के पीछे की कहानी?
आपको बता दें कि यह कोई असली राजनीतिक दल नहीं है, बल्कि देश के युवाओं द्वारा शुरू किया गया एक विरोध और तंज का अनोखा तरीका है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, हाल ही में सुप्रीम कोर्ट के एक जस्टिस द्वारा बेरोजगार युवाओं को लेकर की गई एक कथित टिप्पणी के बाद इस पेज की शुरुआत हुई। युवाओं ने इस टिप्पणी को एक रचनात्मक विरोध में बदल दिया और देखते ही देखते यह देश का सबसे बड़ा डिजिटल ट्रेंड बन गया।
कौन है इसका कर्ता-धर्ता?
इस वायरल पेज को डिजिटल स्ट्रेटेजिस्ट अभिजीत दिपके द्वारा शुरू किया गया है। पेज का बायो और इसके नारे सोशल मीडिया पर जमकर शेयर किए जा रहे हैं। इसके बायो में खुद को “युवाओं द्वारा, युवाओं के लिए राजनीतिक फ्रंट” बताया गया है, जो पूरी तरह से सेकुलर, सोशलिस्ट और ‘लेजी’ (आलसी) है।
दिग्गजों का मिला साथ, लाइव काउंट जारी
इस मीम और पैरोडी आंदोलन को न सिर्फ आम युवाओं का, बल्कि देश के बड़े राजनेताओं, फिल्म निर्देशकों और बॉलीवुड हस्तियों का भी समर्थन मिल रहा है। महुआ मोइत्रा, विशाल डडलानी, कोंकणा सेन शर्मा और अनुराग कश्यप जैसी हस्तियों ने भी इस पेज को फॉलो किया है।
फिलहाल इस पेज के फॉलोअर्स की संख्या हर मिनट लाखों में बढ़ रही है, और यह कांग्रेस के 1.33 करोड़ फॉलोअर्स के आंकड़े को चुनौती देने की राह पर है। सोशल मीडिया विश्लेषकों का मानना है कि यह भारतीय इंटरनेट इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा और सबसे तेज ऑर्गेनिक ग्रोथ पाने वाला पेज बन चुका है।



