आदित्यपुर। सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित उत्कल कंपनी में मंगलवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। कंपनी में काम करने के दौरान भारी पाइप सिर पर गिरने से 28 वर्षीय मजदूर इरशाद आलम गंभीर रूप से घायल हो गया। बुधवार शाम टीएमएच में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। मृतक कपाली के अंसार नगर का रहने वाला था और उत्कल कंपनी में वेल्डर के रूप में कार्यरत था।
वाहन से गिरा भारी पाइप, सिर पर लगी गंभीर चोट
मिली जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम इरशाद कंपनी परिसर में अपने काम में जुटा था। इसी दौरान एक बड़े वाहन पर लदे सामान में से अचानक भारी पाइप नीचे गिर गया। पाइप सीधे इरशाद के सिर पर जा लगा, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद कंपनी में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूर को तत्काल इलाज के लिए टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने उसे बचाने का भरपूर प्रयास किया, लेकिन बुधवार शाम उसने दम तोड़ दिया।
दो महीने से कंपनी में कर रहा था काम
बताया जाता है कि इरशाद पिछले दो महीने से उत्कल कंपनी में वेल्डर के रूप में काम कर रहा था। वह सात भाइयों में छठे नंबर पर था। उसकी असमय मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
मुआवजे की मांग को लेकर कंपनी पहुंचे परिजन
युवा मजदूर की मौत के बाद परिजनों ने कंपनी प्रबंधन से उचित मुआवजे की मांग की है। गुरुवार को परिजन कंपनी पहुंचे और प्रबंधन के अधिकारियों से मुलाकात की। इस दौरान मुआवजे को लेकर चर्चा हुई। बताया जा रहा है कि कंपनी प्रबंधन ने बातचीत कर उचित निर्णय लेने का आश्वासन दिया है। हालांकि, मुआवजे को लेकर अब तक कोई अंतिम फैसला सामने नहीं आया है।
एमजीएम में पोस्टमार्टम की प्रक्रिया
वहीं, मृतक के शव का एमजीएम अस्पताल के पोस्टमार्टम हाउस में पोस्टमार्टम कराने की प्रक्रिया जारी है। एक युवा मजदूर की मौत से परिवार के सामने गहरा दुख और आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। अब परिजनों को कंपनी प्रबंधन के फैसले का इंतजार है।


