जमशेदपुर : भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं भाजपा जमशेदपुर महानगर के पूर्व जिला अध्यक्ष दिनेश कुमार को भाजपा पूर्वी सिंहभूम का जिला प्रभारी नियुक्त किए जाने पर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है। उनकी नई जिम्मेदारी को लेकर विभिन्न मंडलों एवं मोर्चों के कार्यकर्ताओं ने खुशी जताई है।

इसी क्रम में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला प्रवक्ता सुरेंद्र सिंह शिंदे ने दिनेश कुमार को अंगवस्त्र पहनाकर उनका अभिनंदन एवं स्वागत किया। साथ ही उन्हें नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं भी दीं. इस अवसर पर सुरेंद्र सिंह शिंदे ने कहा कि संगठन ने दिनेश कुमार के लंबे राजनीतिक अनुभव, संगठनात्मक दक्षता और समर्पित कार्यशैली को देखते हुए उन्हें यह महत्वपूर्ण दायित्व सौंपा है। उन्होंने विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में भाजपा पूर्वी सिंहभूम संगठन को नई दिशा और मजबूती मिलेगी तथा कार्यकर्ताओं में नया उत्साह का संचार होगा।
अपने संबोधन में दिनेश कुमार ने पार्टी नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ खरा उतरने का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की दिशा में वे पूरी सक्रियता के साथ कार्य करेंगे. कार्यक्रम में मुख्य रूप से बारीडीह मंडल अध्यक्ष कुमार अभिषेक, विजय गौड़, मनीष बानरा, कुमार आशुतोष, पंकज शर्मा, राम मिश्रा, दीपक कुमार मुखर्जी, संदीप सहित कई भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।
