राज्य सरकार ने एमजीएम के लिए जारी किए 3.61 करोड़ रुपये, एक-दो दिनों में कर्मचारियों के खातों में पहुंचेगी राशि
जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल में तैनात 135 होमगार्ड जवानों तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के लिए आखिरकार राहत भरी खबर आ गई है। चार माह से लंबित वेतन का भुगतान सोमवार से शुरू हो जाएगा। राज्य सरकार ने वेतन मद में 3 करोड़ 61 लाख रुपये जारी कर दिए हैं, जिसके बाद एक-दो दिनों के भीतर सभी कर्मचारियों के बैंक खातों में बकाया राशि पहुंचने की उम्मीद है।

यह मामला तब सुर्खियों में आया था, जब वेतन नहीं मिलने से आर्थिक तंगी झेल रही एक महिला होमगार्ड जवान का रोते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इससे पहले महिला ने परेशान होकर फिनाइल पी ली थी, जिसके बाद उसे एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इस घटना ने पूरे राज्य का ध्यान होमगार्ड जवानों और आउटसोर्स कर्मियों की बदहाल स्थिति की ओर खींचा।
सरयू राय की पहल के बाद तेज हुई प्रक्रिया……
महिला होमगार्ड की हालत जानने के लिए जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय स्वयं अस्पताल पहुंचे थे। उन्होंने पीड़िता से मुलाकात कर पूरे मामले की जानकारी ली और अस्पताल अधीक्षक सहित स्वास्थ्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल बकाया वेतन भुगतान की मांग की।
इसके बाद विधायक ने राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी से विस्तृत बातचीत कर एमजीएम अस्पताल में कार्यरत होमगार्ड जवानों एवं आउटसोर्स कर्मियों के लंबित वेतन का शीघ्र भुगतान सुनिश्चित करने का आग्रह किया। स्वास्थ्य मंत्री ने सकारात्मक पहल करते हुए जल्द भुगतान कराने का भरोसा दिया था, जो अब धरातल पर उतरता दिखाई दे रहा है।
स्वास्थ्य मंत्री का जताया आभार……
राज्य सरकार द्वारा राशि जारी किए जाने के बाद विधायक सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कर्मचारियों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी हो गई है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में वेतन भुगतान समय पर सुनिश्चित किया जाएगा, ताकि कर्मचारियों को ऐसी कठिन परिस्थितियों का सामना न करना पड़े।
मुख्य बातें…….
एमजीएम अस्पताल के 135 होमगार्ड जवानों व आउटसोर्स कर्मियों को मिलेगा चार माह का बकाया वेतन।
राज्य सरकार ने वेतन मद में 3.61 करोड़ रुपये जारी किए।
एक-दो दिनों में कर्मचारियों के बैंक खातों में पहुंचेगी राशि।
महिला होमगार्ड के वायरल वीडियो और विधायक सरयू राय की पहल के बाद तेज हुई कार्रवाई।
सरयू राय ने स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी का जताया आभार।
राज्य के मेडिकल कॉलेजों के लिए ₹65 करोड़ जारी……
स्वास्थ्य विभाग ने एमजीएम अस्पताल सहित राज्य के सभी मेडिकल कॉलेजों के लिए 65 करोड़ रुपये जारी किए हैं। इस राशि का उद्देश्य लंबे समय से लंबित आउटसोर्स कर्मियों के बकाया भुगतान को शीघ्र पूरा करना है, ताकि कर्मचारियों को समय पर वेतन मिल सके और अस्पतालों की व्यवस्था सुचारु रूप से संचालित हो।

