जमशेदपुर : सिदगोड़ा थाना पुलिस ने घर में चोरी की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर चोरी गए गहने, नगद राशि और मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। आरोपी का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है और वह वर्ष 2024 में सरकारी शराब दुकानों में हुई चोरी की घटनाओं में शामिल रह चुका है।



जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एल-4/39 रोड नंबर-05 निवासी राकेश कुमार झा ने अपने घर में हुई चोरी को लेकर लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के आधार पर सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 62/26 दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने चोरी के आरोप में पहले टेल्को थाना क्षेत्र के शिवम विश्वकर्मा तथा बागबेड़ा थाना क्षेत्र के राजू पांडेय को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी मो. राजू उर्फ विजय मुंडा का नाम बताया। इसके बाद पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की।
पूछताछ में मो. राजू उर्फ विजय मुंडा ने अपने सहयोगियों शिवम विश्वकर्मा और राजू पांडेय के साथ मिलकर सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रीको रोड नंबर-01 स्थित एल-5/14 तथा एल-4/39 रोड नंबर-05 स्थित घरों में चोरी की वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार की. पुलिस ने आरोपी के पास से सोने जैसी दिखने वाली एक चेन, एक अंगूठी, नाक का नथिया, चांदी जैसी दिखने वाली एक बिछिया, 50 हजार रुपये नगद तथा ओप्पो कंपनी का एक स्क्रीन टच मोबाइल फोन बरामद किया है।
गिरफ्तार आरोपी मो. राजू उर्फ विजय मुंडा (36 वर्ष), पिता मो. इनामुल उर्फ नारायण मुंडा, गरीब नवाज कॉलोनी, जुगसलाई का निवासी है। पुलिस के अनुसार उसके खिलाफ पूर्व में भी सिदगोड़ा थाना कांड संख्या 107/24 एवं 109/24 समेत वर्ष 2024 में सरकारी शराब दुकानों में हुई चोरी से संबंधित कई मामले दर्ज हैं. इस कार्रवाई में पु.अ.नि. विकास कुमार, पु.अ.नि. राजुलाल स्वांसी, स.अ.नि. जुविलियन टोपनो, आरक्षी नरेन्द्र डुंडु तथा धर्मेन्द्र सिंह शामिल रहे। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है।



