लोकतंत्र सवेरा/आदित्यपुर : विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को राजकीय पॉलिटेक्निक आदित्यपुर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों के बीच पेंटिंग एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया गया. प्रतियोगिता में छात्र-छात्राओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया और अपनी कलाकृतियों तथा विचारों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण और स्वच्छ वातावरण के महत्व को रेखांकित किया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरणीय चुनौतियों एवं उनके समाधान पर अपने विचार प्रस्तुत किए।



कार्यक्रम के समापन पर संस्थान के प्राचार्य श्री संजीव कुमार ने प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया। उन्होंने छात्रों से पर्यावरण संरक्षण को अपनी जीवनशैली का हिस्सा बनाने तथा प्रकृति के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने का आह्वान किया. कार्यक्रम को सफल बनाने में मिस प्रियंका, श्वेता, सुषमा एवं सजीत मुंडा का महत्वपूर्ण योगदान रहा। आयोजन के माध्यम से विद्यार्थियों को पर्यावरण के प्रति जागरूक करने और प्रकृति संरक्षण के लिए प्रेरित करने का प्रयास किया गया।



