जमशेदपुर। शहर में चापड़बाजी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। ताजा मामला सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के कालूबागान का है, जहां शुक्रवार दोपहर छह युवकों ने दो सगे भाइयों पर चापड़ से हमला कर दिया। इस हमले में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरे को मामूली चोटें आई हैं। दोनों का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, कालूबागान निवासी अमन सिंह और सरबजीत सिंह पर अचानक छह युवकों ने हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार आरोपियों ने चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे अमन सिंह के सिर पर गंभीर चोट लगी। वहीं सरबजीत सिंह भी हमले में घायल हो गया. घटना के बाद आसपास के लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। चिकित्सकों के अनुसार अमन सिंह की स्थिति गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।



परिजनों ने आरोप लगाया है कि हमला करने वाले युवक नशे की हालत में थे। उन्होंने बिना किसी विवाद या उकसावे के दोनों भाइयों पर हमला किया और घटना को अंजाम देने के बाद मौके से फरार हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में बढ़ रही आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए पुलिस प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
इधर, परिजनों ने सिदगोड़ा थाना में लिखित शिकायत देकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. शहर में लगातार सामने आ रही चापड़बाजी की घटनाओं ने कानून-व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसले पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस को सख्त कदम उठाने होंगे।



