जमशेदपुर : जमशेदपुर डिमना स्थित वसुंधरा स्टेट के आसपास रहने वाले लोगों की परेशानी अब राष्ट्रीय हरित अधिकरण (NGT) तक पहुंच गई है। जन विकास मंच के प्रमुख एवं पूर्व लोकसभा प्रत्याशी सौरभ विष्णु ने प्रस्तावित बस स्टैंड निर्माण के लिए चिन्हित 13 एकड़ जमीन पर कचरा डंपिंग किए जाने के मामले को लेकर NGT में केस दाखिल किया है।



सौरभ विष्णु ने बताया कि स्थानीय लोगों की शिकायत पर जब वे मौके पर पहुंचे तो वहां की स्थिति देखकर हैरान रह गए। जिस जमीन पर शहर के लिए महत्वपूर्ण बस स्टैंड बनना है, वहां कचरे के बड़े-बड़े ढेर लगे हुए हैं। पूरे इलाके में दुर्गंध, गंदगी और प्रदूषण का माहौल बना हुआ है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
मानगो नगर निगम द्वारा बस स्टैंड के लिए चिन्हित जमीन का इस्तेमाल कचरा फेंकने के लिए किया जा रहा है। यह न सिर्फ सरकारी योजना के उद्देश्य को प्रभावित कर रहा है, बल्कि पर्यावरण और आम लोगों के स्वास्थ्य के लिए भी गंभीर खतरा बन गया है।
सौरभ विष्णु ने कहा, “जनता ने बस स्टैंड की उम्मीद की थी, लेकिन यहां कचरा डंपिंग यार्ड बना दिया गया है। शहर के लोगों के स्वास्थ्य और पर्यावरण के साथ किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जा सकता।” बरसात के मौसम में स्थिति और भयावह हो सकती है। कचरे से फैलने वाली दुर्गंध, प्रदूषण और संक्रमण का खतरा आसपास के लोगों के लिए बड़ी समस्या बन सकता है। विकास परियोजना के लिए चिन्हित जमीन का उपयोग कचरा फेंकने के लिए करना गंभीर विषय है
NGT में दाखिल मामले के माध्यम से मांग की है कि कचरा डंपिंग पर तत्काल रोक लगाई जाए और पर्यावरणीय नियमों के अनुसार कार्रवाई की जाए।



