जमशेदपुर : शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ जमशेदपुर पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में जुगसलाई थाना पुलिस ने ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री में संलिप्त दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जुगसलाई थाना क्षेत्र निवासी मो. सरफराज और मो. शहबाज के रूप में हुई है। वहीं इस मामले का एक अन्य आरोपी कीताडीह निवासी माझिला फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।



सोमवार शाम आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ललित मीणा ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया कि थाना के पुलिस अवर निरीक्षक विवेक कुमार पंडित के बयान पर तीनों आरोपियों के खिलाफ जुगसलाई थाना में मामला दर्ज किया गया है। गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
रेलवे पुल के पास चल रही थी खरीद-बिक्री…..
सिटी एसपी ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि खरकई नदी पर स्थित रेलवे पुल के समीप कुछ युवक ब्राउन शुगर की खरीद-बिक्री कर रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल छापेमारी अभियान चलाया। पुलिस को मौके पर दो युवक संदिग्ध अवस्था में मिले। तलाशी के दौरान उनके पास से 24 पुड़िया ब्राउन शुगर बरामद की गई।
100 में खरीद, 300 रुपये तक में बेचते थे…..
पुलिस जांच में यह बात सामने आई है कि आरोपी 100 से 150 रुपये प्रति पुड़िया की दर से ब्राउन शुगर खरीदते थे और नशा करने वालों के बीच 250 से 300 रुपये प्रति पुड़िया में बेचते थे। आरोपी केवल जुगसलाई ही नहीं, बल्कि शहर के विभिन्न इलाकों में घूम-घूमकर नशे का कारोबार करते थे।
आपराधिक इतिहास भी खंगाल रही पुलिस……
सिटी एसपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपियों का पूर्व में भी आपराधिक इतिहास रहा है। शहर के विभिन्न थानों में इनके खिलाफ कई मामले दर्ज हैं। बरामद ब्राउन शुगर की अनुमानित कीमत करीब 3,600 रुपये बताई गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों को ब्राउन शुगर की आपूर्ति कहां से की जा रही थी और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।


