चाईबासा : पश्चिमी सिंहभूम जिले के चाईबासा सदर थाना क्षेत्र अंतर्गत टुंगरी में एक दर्दनाक हादसे में पांच वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि खड़ी कार के अंदर फंस जाने के कारण दम घुटने से उसकी जान चली गई. जानकारी के अनुसार, मृत बच्ची की पहचान ईशानी गोप (5) के रूप में हुई है। वह तुंगरी रेलवे ओवरब्रिज के समीप स्थित एक सरकारी स्कूल से अपने चचेरे भाई के साथ घर लौट रही थी। इसी दौरान खेल-खेल में वह सड़क किनारे खड़ी एक लावारिस कार के अंदर चली गई। बताया जाता है कि किसी कारणवश कार का दरवाजा अंदर से लॉक हो गया, जिसके बाद उसका चचेरा भाई काफी प्रयास के बावजूद दरवाजा नहीं खोल सका।



चाईबासा के एसडीपीओ बहामन तूती ने बताया कि कार के भीतर फंसने के कारण बच्ची का दम घुट गया और वह बेहोश हो गई। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन और स्थानीय लोग उसे तत्काल चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। पुलिस ने बताया कि फिलहाल मामले में किसी प्रकार की लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद मामले की जांच आगे बढ़ाई जाएगी. घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल है।



