जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने बड़ी आपराधिक घटना की आशंका को देखते हुए त्वरित कार्रवाई करते हुए ओलडीह ओपी क्षेत्र से एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उसके कब्जे से एक देशी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस तथा एक आर-15 मोटरसाइकिल बरामद की है। मामले में हथियार बेचने वाले दूसरे आरोपी को भी गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।



जानकारी के अनुसार, 18 जून को वरीय पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि ओलडीह ओपी अंतर्गत डिमना चौक के समीप एक युवक ब्लू रंग की आर-15 मोटरसाइकिल पर अवैध हथियार लेकर घूम रहा है और किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक ग्रामीण (अतिरिक्त प्रभार नगर) के निर्देशन में पटमदा के पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया. छापेमारी दल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि उसने यह हथियार अपने साथी अभिषेक दास से 30 हजार रुपये में खरीदा था।
पुलिस ने मामले में कार्रवाई करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों में सरायकेला-खरसावां जिले के तामोलिया निवासी अभिषेक कुमार उर्फ एसआरके (26) तथा शंकोसाई रोड नंबर-4 निवासी अभिषेक दास (25) शामिल हैं. पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है तथा यह पता लगाया जा रहा है कि हथियार कहां से लाया गया और इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
बरामद सामान…..
7.65 एमएम का एक देशी पिस्तौल, 7.65 एमएम का एक जिंदा कारतूस, आर-15 मोटरसाइकिल (JH05CN3828) यह कार्रवाई पुलिस उपाधीक्षक दयानंद कुमार के नेतृत्व में ओलडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली एवं अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने संयुक्त रूप से की।



