जमशेदपुर : मानगो के आजाद बस्ती रोड नंबर-14 निवासी एक युवक की स्वर्णरेखा नदी में डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान शेख सलमान के रूप में हुई है, जो स्कूल वैन चालक के तौर पर कार्य करता था। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, जबकि पुलिस मामले की जांच में जुट गई है. जानकारी के अनुसार सलमान शनिवार दोपहर करीब तीन बजे अपने छह दोस्तों के साथ स्वर्णरेखा नदी में नहाने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, उसके कुछ दोस्तों ने उसे नदी के गहरे हिस्से में जाने के लिए उकसाया। दोस्तों की बातों में आकर सलमान गहरे पानी की ओर बढ़ गया और बीच धारा में पहुंचते ही डूबने लगा।



सलमान को डूबता देख उसके तीन दोस्तों ने उसे बचाने का प्रयास किया और नदी में छलांग लगा दी, लेकिन वे सफल नहीं हो सके। वहीं, आरोप है कि जिन युवकों ने सलमान को गहरे पानी में जाने के लिए उकसाया था, वे घटना के बाद मौके से फरार हो गए। साथियों ने उन्हें वापस बुलाकर सलमान को बचाने की गुहार लगाई, लेकिन उन्होंने किसी भी प्रकार की मदद करने से इनकार कर दिया और वहां से चले गए. घटना की सूचना मिलने पर सलमान के अन्य दोस्तों ने परिजनों को जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस को भी सूचित किया गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी से शव बरामद कराया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूर्व में भी लोगों से नदी में स्नान नहीं करने की अपील की जाती रही है। लगातार जागरूकता अभियान चलाकर लोगों को नदी के गहरे पानी और बरसात के मौसम में बढ़े जलस्तर से होने वाले खतरों के प्रति सचेत किया जा रहा है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. सलमान की असमय मौत से परिवार और इलाके में शोक का माहौल है। परिजनों ने घटना की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।



