जमशेदपुर : अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर जुबिली पार्क में एक भव्य योग शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का आयोजन श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन और श्रीनाथ विश्वविद्यालय के एनएसएस (NSS) विभाग, योगा एवं नेचुरोपैथी विभाग, रोटरी क्लब जमशेदपुर फेमिना और आर्ट्स ऑफ लिविंग के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।


योग से निरोग रहने का दिया गया संदेश
कार्यक्रम का नेतृत्व श्रीनाथ विश्वविद्यालय के योगा एवं नेचुरोपैथी विभाग के विभागाध्यक्ष डॉ. पिंटू कुमार महतो ने किया। शिविर में आर्ट्स ऑफ लिविंग की प्रशिक्षक श्रीमती जाह्नवी गोस्वामी ने उपस्थित लोगों को विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया। इस दौरान प्रतिभागियों ने अनुलोम-विलोम, ताड़ासन, भुजंग आसन, वृक्षासन, भ्रामरी और प्राणायाम जैसी महत्वपूर्ण क्रियाओं का अभ्यास किया। डॉ. पिंटू कुमार महतो ने सभी को संबोधित करते हुए कहा, “योग केवल एक व्यायाम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। यह शरीर को निरोग रखने के साथ-साथ मन को एकाग्र और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने का सबसे सशक्त माध्यम है। हमें इसे अपने दैनिक जीवन का अनिवार्य हिस्सा बनाना चाहिए।”
योगाभ्यास प्रतियोगिता में प्रतिभाओं ने बिखेरा दम
इस अवसर पर आयोजित योगाभ्यास प्रतियोगिता में छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता के परिणाम इस प्रकार रहे:
- प्रथम स्थान: काजल कुमारी
- द्वितीय स्थान: नंदिनी कुमारी
- तृतीय स्थान: शिल्पा महतो और अमित राणा
विजेताओं को श्रीनाथ कॉलेज ऑफ एजुकेशन की प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो द्वारा प्रमाण पत्र देकर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का सफल संचालन इंजीनियरिंग के छात्र स्वर्णिम प्रभात ने किया। इस विशेष अवसर पर विश्वविद्यालय और महाविद्यालय के शिक्षक, शिक्षकेतर कर्मचारी और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित थे।
