जमशेदपुर : बागबेड़ा थाना पुलिस ने तत्परता और मुस्तैदी का परिचय देते हुए एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम दिए जाने से पहले ही विफल कर दिया। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर नागाडीह मैदान के समीप छापेमारी कर दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से एक लोडेड देशी पिस्टल, पांच जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन तथा एक टीवीएस स्कूटी बरामद की गई है।

मामले के संबंध में बागबेड़ा थाना में आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी में नागाडीह मैदान के आसपास जमा हुए हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर तत्काल एक विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इलाके की घेराबंदी कर दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस को देखकर भागने का प्रयास कर रहे दो संदिग्ध युवकों को मौके पर ही दबोच लिया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से अवैध हथियार, जिंदा कारतूस एवं अन्य सामान बरामद किए गए। बरामदगी के बाद दोनों को हिरासत में लेकर थाना लाया गया, जहां पूछताछ के बाद उनकी गिरफ्तारी दर्ज की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के आरआईटी थाना क्षेत्र स्थित इच्छापुर निवासी मंगल टुडू उर्फ मंगल मांझी तथा सुंदरनगर थाना क्षेत्र के केरवाडुंगरी निवासी समरेश रविदास उर्फ मिथुन के रूप में हुई है. पुलिस दोनों आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जांच कर रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि वे किस उद्देश्य से हथियार लेकर क्षेत्र में पहुंचे थे और उनके साथ किसी अन्य अपराधी का संबंध तो नहीं है। पुलिस का मानना है कि समय रहते की गई कार्रवाई से एक बड़ी आपराधिक घटना को टाल दिया गया।

