मुंगेर : बिहार के मुंगेर जिले से एक विवाहिता के कथित रूप से अपने पूर्व प्रेमी के साथ घर छोड़ने का मामला सामने आया है। घटना के बाद से महिला के पति और परिजन परेशान हैं, जबकि छोटे-छोटे बच्चे मां की वापसी का इंतजार कर रहे हैं। मामले को लेकर पीड़ित पति ने पुलिस प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार, मामला वासेदेवपुर थाना क्षेत्र के चंडीस्थान इलाके का है। पीड़ित पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अनु कुमारी बीते 2 जून की दोपहर घर से सब्जी खरीदने के लिए निकली थी, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की, मगर उसका कोई पता नहीं चल सका. पति का आरोप है कि उसकी पत्नी अपने पुराने परिचित सुमित कुमार के संपर्क में थी और दोनों के बीच लंबे समय से बातचीत हो रही थी। उसका दावा है कि सोशल मीडिया के माध्यम से दोनों के बीच संपर्क के प्रमाण भी उसके पास मौजूद हैं। बताया जाता है कि संबंधित युवक वर्तमान में दिल्ली में रहता है।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि उसकी पत्नी इससे पहले भी उक्त युवक के साथ घर छोड़कर चली गई थी। उस समय उसने प्रयास कर महिला को बरामद किया था और उसके परिजनों को सौंप दिया था। हालांकि, इस बार भी महिला के उसी युवक के साथ जाने की आशंका जताई जा रही है. घटना के बाद परिवार पर गहरा असर पड़ा है। पति के अनुसार, उसके छोटे-छोटे बच्चे मां के बिना परेशान हैं और लगातार उसके बारे में पूछ रहे हैं। वहीं वह स्वयं कई दिनों से थाने और प्रशासनिक कार्यालयों के चक्कर लगा रहा है।
मामले में स्थानीय पुलिस को शिकायत दी गई है। पीड़ित पति ने न्याय की मांग करते हुए पुलिस अधीक्षक (एसपी) कार्यालय का भी रुख किया है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया गया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और महिला की तलाश के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
