मुसाबनी/झारखंड : पूर्वी सिंहभूम जिले के मुसाबनी क्षेत्र से संचालित होने वाले कथित साइबर ठगी नेटवर्क को लेकर लगातार चौंकाने वाली जानकारियां सामने आ रही हैं। हालांकि इन दावों की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन सूत्रों के हवाले से मिल रही जानकारी ने पूरे इलाके में हलचल मचा दी है।

सूत्रों के मुताबिक, इस कथित साइबर नेटवर्क का संचालन करने वाले मुख्य आरोपी के तार केवल झारखंड तक सीमित नहीं हैं, बल्कि पश्चिम बंगाल और नेपाल तक फैले होने की चर्चा है। बताया जा रहा है कि जांच एजेंसियां नेटवर्क से जुड़े कई लोगों और संदिग्ध आर्थिक लेन-देन की गहन पड़ताल में जुटी हुई हैं।
सूत्रों का दावा है कि आरोपी के परिवार से पिता, माता व भाई के नाम भी जांच के दायरे में चर्चा का विषय बने हुए हैं। हालांकि किसी भी व्यक्ति की भूमिका को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और जांच जारी है. चर्चा यह भी है कि कथित साइबर ठगी से अर्जित धन के बल पर आरोपी ने जमशेदपुर, कोलकाता और नेपाल में करोड़ों रुपये की संपत्तियां खड़ी की हैं। सूत्रों के अनुसार, कई आलीशान मकान, जमीन और लग्जरी वाहनों की जानकारी भी जांच एजेंसियों तक पहुंची है। हालांकि इन संपत्तियों के वास्तविक मूल्य और स्वामित्व को लेकर अभी कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
सूत्र बताते हैं कि आरोपी पूर्व में जमशेदपुर में “मोमो इन टाउन” नाम से दो रेस्तरां का संचालन भी करता था। अब जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि कथित तौर पर संचालित कारोबार और आर्थिक गतिविधियों का आपस में कोई संबंध है या नहीं. जानकारी के अनुसार, पुलिस और अन्य जांच एजेंसियां आरोपी से जुड़े बैंक खातों, निवेश, अचल संपत्तियों और वित्तीय लेन-देन की बारीकी से जांच कर रही हैं। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे कथित साइबर नेटवर्क, उससे जुड़े लोगों और संपत्तियों की वास्तविक स्थिति सामने आ सकेगी।
फिलहाल मुसाबनी से लेकर जमशेदपुर तक इस मामले की चर्चा जोरों पर है। लोगों की नजर अब जांच एजेंसियों की अगली कार्रवाई पर टिकी हुई है। आने वाले दिनों में इस कथित साइबर नेटवर्क को लेकर और भी बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।
नोट : उपरोक्त सभी जानकारियां विभिन्न सूत्रों से प्राप्त सूचनाओं पर आधारित हैं। मामले की जांच जारी है। किसी भी व्यक्ति की संलिप्तता, संपत्ति या भूमिका की आधिकारिक पुष्टि संबंधित जांच एजेंसियों अथवा पुलिस द्वारा अभी तक नहीं की गई है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों में बदलाव संभव है।

