रांची : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को स्वास्थ्य विभाग के अंतर्गत जेपीएससी से चयनित खाद्य सुरक्षा पदाधिकारियों तथा राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के तहत विशेषज्ञ चिकित्सा पदाधिकारियों, सीनियर हॉस्पिटल मैनेजर्स और फाइनेंस मैनेजर्स को नियुक्ति पत्र सौंपा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सभी चयनित अभ्यर्थियों को नई जिम्मेदारी के लिए बधाई, शुभकामनाएं और जोहार दिया। मुख्यमंत्री ने कहा कि झारखंड के स्वास्थ्य तंत्र को सशक्त बनाने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने उम्मीद जताई कि नव नियुक्त अधिकारी और कर्मी अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ करेंगे तथा राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को और बेहतर बनाने में योगदान देंगे।

हेमंत सोरेन ने कहा कि राज्य सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि और अन्य महत्वपूर्ण क्षेत्रों में लगातार नियुक्तियां कर रही है। इसका उद्देश्य युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और जनसेवाओं को अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाना है। उन्होंने कहा कि सरकार राज्य के विकास और युवाओं के भविष्य को लेकर पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त अधिकारियों से आम जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने और सेवा भाव के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि बेहतर स्वास्थ्य व्यवस्था राज्य के समग्र विकास की आधारशिला है और सरकार इस दिशा में लगातार प्रयासरत है।


