मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के करजा थाना क्षेत्र के मोहम्मदपुर खाजे गांव में युवक नवनीत कुमार की मौत के बाद ग्रामीणों ने जमकर हंगामा किया। आक्रोशित लोगों ने पड़ोसी गांव प्रतापपुर में करीब आधा दर्जन घरों में आग लगा दी. जानकारी के अनुसार, नवनीत कुमार शनिवार रात दोस्तों के साथ दुर्गा पूजा मेला देखने गया था। इस दौरान विवाद के बाद दोस्तों ने उसकी पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल नवनीत की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। रविवार को शव गांव पहुंचने के बाद ग्रामीण उग्र हो गए।

घटना की सूचना पर एसडीपीओ अभिजीत कौर, सिटी एसपी मोहिबुल्ला अंसारी समेत कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। अग्निशमन दल ने आग पर काबू पाया। तनाव को देखते हुए गांव में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है. एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने बताया कि पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि हत्या के आरोपियों के साथ उपद्रव करने वालों पर भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।