मोतिहारी : “हेलो मां, मुझे बचा लो, नहीं तो मर जाऊंगी… मुझे रेड लाइट एरिया में बेच दिया गया है।” कोलकाता से बेटी की यह दर्दभरी पुकार सुनकर मां के होश उड़ गए। बेटी को सुरक्षित वापस लाने की उम्मीद में मां तत्काल केसरिया थाने पहुंची और पुलिस से मदद की गुहार लगाई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी चंपारण पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की और कोलकाता के रेड लाइट एरिया से युवती को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में युवती के कथित प्रेमी रोहित कुमार को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर युवती को घर से बुलाया और कथित तौर पर 2.30 लाख रुपये में बेच दिया।

## मां की शिकायत पर बनी विशेष टीम, कोलकाता पहुंची पुलिस…….
पूरा मामला पूर्वी चंपारण जिले के केसरिया थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, युवती का मुजफ्फरपुर जिले के साहेबगंज थाना क्षेत्र के शाहपुरपट्टी निवासी रोहित कुमार से प्रेम प्रसंग था। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और शादी की बात होने लगी। इसी बीच युवती के साथ कथित तौर पर हुई घटना ने पूरे मामले को गंभीर बना दिया।
बेटी का फोन आने के बाद उसकी मां बदहवास हालत में केसरिया थाने पहुंची और थानाध्यक्ष राहुल कुमार को पूरी जानकारी दी। थानाध्यक्ष ने मामले से पुलिस अधीक्षक स्वर्ण प्रभात को अवगत कराया। इसके बाद अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम युवती की मां को साथ लेकर कोलकाता रवाना हुई। पुलिस ने युवती के मोबाइल नंबर से प्राप्त लोकेशन संबंधी जानकारी के आधार पर उसकी तलाश शुरू की।
## ग्राहक बनकर रेड लाइट एरिया पहुंचा पुलिस अधिकारी…….
कोलकाता के रेड लाइट एरिया में युवती की पहचान करना पुलिस के लिए चुनौतीपूर्ण था। ऐसे में स्थानीय पुलिस की मदद से योजनाबद्ध तरीके से कार्रवाई की गई। जानकारी के अनुसार, केसरिया के अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू ग्राहक बनकर संदिग्ध स्थान पर पहुंचे और युवती की पहचान सुनिश्चित की. इसके बाद पुलिस टीम स्थानीय पोशीपारा थाने पहुंची। वहां की पुलिस के सहयोग से संयुक्त छापेमारी की गई, जिसमें युवती को सकुशल बरामद कर लिया गया। आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस उसे लेकर मोतिहारी लौटी और परिवार को सौंप दिया। फिलहाल युवती का मेडिकल परीक्षण और काउंसलिंग कराई जा रही है, ताकि उसकी शारीरिक और मानसिक स्थिति का आकलन किया जा सके।
## शादी का भरोसा देकर रेलवे स्टेशन पर बुलाने का आरोप…….
पुलिस पूछताछ के अनुसार, रोहित ने बताया कि उसकी बहन का ससुराल युवती के गांव में है। इसी माध्यम से दोनों की मुलाकात हुई थी। पुलिस के मुताबिक, दोनों के बीच करीब तीन महीने से प्रेम संबंध था, जबकि आरोपी ने पहली मुलाकात एक साल पहले होने की बात कही है. आरोप है कि रोहित ने युवती को शादी का भरोसा देकर घर से निकलने के लिए तैयार किया और रेलवे स्टेशन पर बुलाया। वहां उसके दो कथित साथी पहले से मौजूद थे। युवती को उनके साथ कोलकाता भेज दिया गया, जबकि रोहित ने बाद में वहां पहुंचने का भरोसा दिया। पुलिस के अनुसार, युवती को कथित तौर पर 2.30 लाख रुपये में बेच दिया गया, जिसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
## मानव तस्करी के नेटवर्क की जांच, तीन अन्य संदिग्धों के नाम…….
पूछताछ के दौरान रोहित ने तीन अन्य कथित सहयोगियों के नाम बताए हैं। इनमें मुजफ्फरपुर के पंकज और प्रिंस तथा पूर्णिया की सोनी नामक महिला शामिल हैं। पुलिस को संदेह है कि महिला कथित तौर पर युवती को बेचने के सौदे में अहम भूमिका निभा सकती है। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।
थानाध्यक्ष राहुल कुमार ने बताया कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गिरफ्तार आरोपी का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है और फरार संदिग्धों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस को आशंका है कि मामले के तार मानव तस्करी के बड़े नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं. इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष राहुल कुमार, अपर थानाध्यक्ष राजकुमार राजू, अनुसंधानकर्ता एसआई मनोज ठाकुर, एसआई कोमल कुमारी और पुलिस बल के अन्य जवानों की भूमिका रही। पुलिस अब कथित नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने और पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
