जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित राम मंदिर के सामने डीडी (डबल डाउन) बार के बाहर शनिवार देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब युवतियों से कथित छेड़खानी का विरोध करने पर बदमाशों ने दो युवकों पर जानलेवा हमला कर दिया। पुलिस की मौजूदगी में हुई इस सनसनीखेज वारदात में करणी सेना के युवा जिलाध्यक्ष हिमांशु कुमार सिंह और आदित्यपुर निवासी प्रत्यूष आनंद गंभीर रूप से घायल हो गए। हमलावरों ने दोनों पर चाकू और चापड़ से ताबड़तोड़ वार किए। पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।

पुलिस वाहन से खींचकर भी किया हमला…….
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हमलावरों का दुस्साहस इतना बढ़ गया था कि प्रत्यूष पर हमला करने के बाद उन्होंने पुलिस की गश्ती गाड़ी में बैठे हिमांशु कुमार सिंह को भी नहीं छोड़ा। बदमाशों ने वाहन का दरवाजा खोलकर हिमांशु को बाहर खींचा और उस पर चाकू से कई वार कर दिए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
दोनों की हालत गंभीर, एक को एयर एंबुलेंस से कोलकाता भेजा गया……
हमले में प्रत्यूष आनंद के पेट, पीठ और छाती पर गहरे जख्म आए हैं। गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें टीएमएच से एयर एंबुलेंस के जरिए कोलकाता के अपोलो अस्पताल रेफर किया गया। वहीं हिमांशु कुमार सिंह के पेट में चार जगह चाकू के घाव हैं। उनका इलाज टीएमएच के सीसीयू-3 में वेंटिलेटर पर चल रहा है।
छेड़खानी का विरोध बना खूनी संघर्ष की वजह……
घायल युवकों के साथी मोहित कुमार सिंह के अनुसार, शनिवार रात करीब 11:30 बजे डीडी बार के अंदर कुछ युवक युवतियों से कथित छेड़खानी कर रहे थे। इसका विरोध करने और बीच-बचाव के लिए हिमांशु और प्रत्यूष आगे आए। उस समय बार के बाउंसरों ने मामला शांत करा दिया, लेकिन जब दोनों पार्किंग से अपनी बाइक लेकर घर लौटने लगे, तभी पहले से घात लगाए 8 से 10 युवकों ने उन्हें घेर लिया और चाकू से हमला बोल दिया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कर रही जांच……
घटना के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने बताया कि पूरे मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
डीडी बार का विवादों से पुराना नाता……
डीडी बार पहले भी कई विवादों को लेकर सुर्खियों में रहा है। कोरोना काल में यहां बड़ा बवाल हो चुका है। इसके अलावा बिना लाइसेंस हुक्का बार चलाने और वर्ष 2024 में डांस को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प का मामला भी सामने आया था। लगातार विवादों के बावजूद बार प्रबंधन पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
पहले भी विवादों में रहा है हिमांशु का नाम……
करीब एक वर्ष पहले सर्किट हाउस क्षेत्र में एक उद्यमी के दामाद के साथ मारपीट के मामले में भी हिमांशु कुमार सिंह का नाम सामने आया था। उस मामले में पुलिस ने उन्हें और उनके साथियों को जुबिली पार्क के पास पकड़ा था।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

