जमशेदपुर : बिष्टुपुर थाना क्षेत्र स्थित डीडी बार के बाहर हुए बहुचर्चित हिमांशु सिंह हत्याकांड में पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने फरार मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर बड़ा कदम उठाया है। पुलिस प्रशासन ने मुख्य आरोपी विश्वनाथ मंडल उर्फ बोदरा की गिरफ्तारी अथवा उसकी गिरफ्तारी में सहायक सूचना देने वाले के लिए दो लाख रुपये के इनाम की घोषणा की है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आरोपी की तलाश में विशेष टीमों का गठन किया गया है, जो संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी कर रही हैं। जिले के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों में भी पुलिस की निगरानी बढ़ा दी गई है। तकनीकी साक्ष्यों और खुफिया सूचनाओं के आधार पर आरोपी तक पहुंचने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
गौरतलब है कि डीडी बार के बाहर हुई हिमांशु सिंह की हत्या के बाद पूरे शहर में आक्रोश का माहौल है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस प्रशासन लगातार कार्रवाई कर रहा है। अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।

