लोकतंत्र सवेरा | जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना पुलिस ने चापड़ के बल पर लूटपाट की घटना का त्वरित उद्भेदन करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटी गई नकद राशि, घटना में प्रयुक्त स्कूटी तथा दो स्टील के चापड़ भी बरामद किए हैं. जानकारी के अनुसार शांतिनगर, बारीडीह निवासी राजेश कुमार जयसवाल ने बर्मामाइंस थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी कि रविवार (5 जुलाई) की रात करीब 9:30 बजे वह बर्मामाइंस बाजार जा रहे थे। बाजार से पहले सुनसान स्थान पर लघुशंका के लिए रुके थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो युवकों ने चापड़ दिखाकर उन्हें धमकाया और उनका पर्स तथा मोबाइल फोन छीन लिया। पर्स में 700 रुपये नकद रखे हुए थे।

घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी स्कूटी से तेज रफ्तार में भागने लगे, लेकिन बर्मामाइंस बाजार के पास असंतुलित होकर गिर पड़े। गिरने के दौरान घटना में प्रयुक्त दो चापड़ और लूटा गया मोबाइल वहीं छूट गया। इसके बाद दोनों आरोपी स्कूटी छोड़कर मौके से फरार हो गए. सूचना मिलते ही बर्मामाइंस थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्कूटी, मोबाइल तथा दोनों चापड़ों को जब्त कर लिया। अनुसंधान के दौरान पुलिस ने एक आरोपी निहाल खत्री (पिता– अर्जुन खत्री), निवासी गोलमुरी मार्केट, लोहार लाइन, थाना गोलमुरी, को गिरफ्तार कर लिया। वहीं उसके नाबालिग साथी को निरुद्ध किया गया. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही पर वादी से लूटी गई 700 रुपये की नकद राशि भी बरामद कर ली है।
बरामद सामान……
घटना में प्रयुक्त दो स्टील के चापड़।
घटना में प्रयुक्त स्कूटी (संख्या– JH05 DR-1920)।
लूटी गई 700 रुपये नकद राशि।
नाबालिग का आपराधिक इतिहास…..
पुलिस के अनुसार निरुद्ध नाबालिग पहले भी गोलमुरी थाना के तीन अलग-अलग आपराधिक मामलों में संलिप्त रह चुका है। उसके विरुद्ध वर्ष 2025 एवं 2026 में दर्ज कई गंभीर मामलों का रिकॉर्ड मौजूद है. पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है, जबकि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

