जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए सूचना मिलने के महज छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल, एक मोबाइल फोन तथा घटनास्थल से शराब और बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास समेत अन्य सामान बरामद कर जब्त किया है।

एमजीएम थाना प्रभारी ने शुक्रवार को आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि गिरफ्तार आरोपियों की पहचान एमजीएम थाना क्षेत्र निवासी ओम प्रकाश तथा मानगो निवासी जितेंद्र कुमार शर्मा उर्फ छोटू शर्मा के रूप में हुई है। दोनों पेशे से चालक (ड्राइवर) हैं. उन्होंने बताया कि 8 जुलाई की देर रात डायल-112 के माध्यम से सूचना मिली थी कि सिमुलडांगा गांव के समीप सड़क किनारे एक महिला गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और महिला को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल पहुंचाया।
शराब पिलाकर सुनसान स्थान पर ले गए…..
पीड़िता ने पुलिस को दिए अपने बयान में बताया कि दोनों आरोपी उसे डिमना लेक और मिर्जाडीह हाट की ओर ले गए, जहां उसे शराब पिलाई गई। इसके बाद सुनसान स्थान पर ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर आरोपियों ने मारपीट की और घायल अवस्था में सड़क किनारे छोड़कर फरार हो गए।
विशेष टीम गठित कर छह घंटे में गिरफ्तारी…..
पीड़िता के बयान के आधार पर एमजीएम थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई। वरीय पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना के छह घंटे के भीतर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर घटनास्थल से शराब एवं बीयर की खाली बोतलें, डिस्पोजेबल ग्लास, घटना में प्रयुक्त अपाची मोटरसाइकिल और एक मोबाइल फोन बरामद कर जब्त किया है।
इलाज जारी, जांच में जुटी पुलिस…..
फिलहाल पीड़िता का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। वहीं, गिरफ्तार दोनों आरोपियों को न्यायिक प्रक्रिया के तहत अदालत में प्रस्तुत कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है।

