लोकतंत्र सवेरा/जमशेदपुर : शहर में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने के लिए पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। सिटी एसपी ललित मीणा ने अपराधियों को स्पष्ट चेतावनी देते हुए कहा है कि वे या तो अपराध का रास्ता छोड़ दें, अन्यथा पुलिस की कठोर कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें। उन्होंने दो टूक शब्दों में कहा कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वाले किसी भी अपराधी को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा. सिटी एसपी ने कहा कि शहर में अपराध नियंत्रण पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। हत्या, रंगदारी, फायरिंग, लूट, छिनतई और संगठित अपराध जैसी घटनाओं में शामिल अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे तत्वों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई के साथ-साथ आवश्यक होने पर कड़ी पुलिस कार्रवाई भी की जाएगी।

उन्होंने आम नागरिकों से भी पुलिस का सहयोग करने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी भी तरह की आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पुलिस जनता की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है. सिटी एसपी ललित मीणा ने दोहराया कि अपराधियों के लिए अब शहर में कोई जगह नहीं है। जो अपराध छोड़कर मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं, उनका स्वागत है, लेकिन जो कानून तोड़ेंगे, उनके खिलाफ बिना किसी दबाव और भेदभाव के कठोर से कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रही है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।

