बहराइच, उत्तर प्रदेश : जिले में शनिवार को घाघरा (सरयू) नदी किनारे एक हृदयविदारक हादसे में 12 वर्षीय बालक की मगरमच्छ के हमले में मौत हो गई। यह दर्दनाक घटना उस समय हुई जब बालक अपने चाचा के साथ धान की रोपाई का कार्य पूरा करने के बाद नदी किनारे हाथ-पैर धोने गया था। अचानक पानी में छिपे मगरमच्छ ने उस पर हमला कर उसे जबड़ों में दबोच लिया और गहरे पानी में खींच ले गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना इतनी तेजी से हुई कि बालक को संभलने का मौका भी नहीं मिला। चाचा ने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। मौके पर पहुंचे लोगों ने ईंट-पत्थर और लाठियों से मगरमच्छ को भगाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक वह बालक को लेकर नदी की गहराई में जा चुका था। ग्रामीणों की तमाम कोशिशें नाकाम रहीं और मासूम की जान नहीं बचाई जा सकी. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अधिकारियों की निगरानी में कई घंटों तक सर्च अभियान चलाया गया, जिसके बाद नदी से बालक का शव बरामद कर लिया गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
इस दर्दनाक हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने नदी किनारे मगरमच्छों की बढ़ती गतिविधियों पर चिंता जताते हुए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है. प्रशासन और वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि नदी, तालाब और जलाशयों के किनारे अत्यधिक सतर्कता बरतें तथा अनावश्यक रूप से पानी के पास जाने से बचें। अधिकारियों ने कहा कि मगरमच्छों की मौजूदगी वाले क्षेत्रों में विशेष सावधानी बरतना बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।

