गोविंदपुर के पटेल नगर में पारिवारिक विवाद ने लिया हिंसक रूप, पूछताछ के बाद लिखित शिकायत का इंतजार कर रही पुलिस
जमशेदपुर : गोविंदपुर थाना क्षेत्र के पटेल नगर रोड नंबर-4 में बुधवार सुबह पति-पत्नी के बीच हुआ घरेलू विवाद उस समय हिंसक हो गया, जब पत्नी ने गुस्से में आकर अपने पति पर चाकू से हमला कर दिया। घटना में टाटा मोटर्स के कर्मचारी सरोज कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उन्हें तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें छुट्टी दे दी।

जानकारी के अनुसार, बुधवार सुबह करीब 10 बजे किसी घरेलू बात को लेकर सरोज कुमार और उनकी पत्नी संगीता कुमारी के बीच कहासुनी शुरू हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि संगीता ने आपा खो दिया और घर में रखा चाकू उठाकर पति पर ताबड़तोड़ वार कर दिया। हमले में सरोज कुमार लहूलुहान होकर मौके पर ही गिर पड़े. घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। पड़ोसियों ने तत्काल गोविंदपुर थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा। इलाज के बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
लिखित शिकायत मिलने के बाद होगी कानूनी कार्रवाई…..
घटना के बाद पुलिस दोनों पति-पत्नी को थाने लेकर पहुंची, जहां उनसे पूछताछ की गई। गोविंदपुर थाना प्रभारी पवन कुमार ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला पारिवारिक विवाद का प्रतीत होता है। पत्नी द्वारा पति पर चाकू से हमला किए जाने की पुष्टि हुई है। फिलहाल दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। उन्होंने कहा कि लिखित शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले में विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी।
