जमशेदपुर : उत्क्रमित उच्च विद्यालय, कालीमाटी (जेम्को आजाद बस्ती) के शैक्षणिक सत्र 2025-26 के उन अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी) एवं अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) के विद्यार्थियों को शनिवार को साइकिल वितरित की गई, जो पूर्व में इस योजना के लाभ से वंचित रह गए थे।जानकारी के अनुसार, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह ने इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) से हस्तक्षेप करने का आग्रह किया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए बीडीओ ने त्वरित संज्ञान लेते हुए प्रखंड कल्याण पदाधिकारी कौशल कुमार को अविलंब साइकिल वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

निर्देश के अनुपालन में शनिवार को विद्यालय परिसर में प्रखंड कल्याण पदाधिकारी द्वारा पात्र विद्यार्थियों के बीच साइकिलों का वितरण किया गया। कई महीनों के इंतजार के बाद नई साइकिल मिलने से विद्यार्थियों के चेहरे खुशी से खिल उठे। साइकिल प्राप्त करने के बाद छात्र-छात्राओं ने विद्यालय पहुंचकर प्रधानाध्यापक धनंजय श्रीवास्तव, शिक्षक राकेश कुमार सिंह, शिक्षिका कंचन कुमारी तथा विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रतिनिधि सदस्य करनदीप सिंह के प्रति आभार व्यक्त किया। विद्यार्थियों ने कहा कि साइकिल मिलने से अब उन्हें विद्यालय आने-जाने में काफी सुविधा होगी और पढ़ाई जारी रखने में भी मदद मिलेगी।
