जमशेदपुर : झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश प्रवक्ता प्रताप कुमार यादव ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए इसे देश के छात्रों और युवाओं के संघर्ष की ऐतिहासिक जीत बताया है। उन्होंने कहा कि यह फैसला देशभर में छात्रों और युवाओं द्वारा चलाए गए आंदोलन तथा लगातार उठाई गई मांगों का परिणाम है।

प्रताप कुमार यादव ने जारी प्रेस विज्ञप्ति में कहा कि केंद्र सरकार को छात्रों और युवाओं के व्यापक विरोध के आगे झुकना पड़ा। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस के ‘छात्रों की गूंज’ अभियान और विभिन्न छात्र संगठनों के आंदोलन ने सरकार पर दबाव बनाया, जिसके बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री को इस्तीफा देना पड़ा. उन्होंने कहा कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी लगातार छात्रों, युवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं के अभ्यर्थियों के मुद्दों को सड़क से लेकर संसद तक उठाते रहे हैं। उनके नेतृत्व में चलाए गए अभियान ने उन युवाओं को आवाज देने का काम किया, जो परीक्षा संबंधी अनियमितताओं और अन्य मुद्दों को लेकर आंदोलनरत थे।
प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा केवल एक मंत्री का पद छोड़ना नहीं, बल्कि देश के करोड़ों छात्रों और युवाओं के संघर्ष, एकजुटता और लोकतांत्रिक आवाज की जीत है। उन्होंने देशभर के छात्र-युवाओं, अभ्यर्थियों और छात्र संगठनों को इस संघर्ष की सफलता पर बधाई दी. प्रताप कुमार यादव ने कहा कि यदि भविष्य में छात्रों, युवाओं अथवा आम जनता के हितों के विरुद्ध कोई निर्णय लिया जाता है तो कांग्रेस पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध जारी रखेगी और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करती रहेगी।
