जमशेदपुर : टाटानगर रेलवे स्टेशन पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब करीब 30 वर्षीय एक युवक खड़ी टाटा-दानापुर एक्सप्रेस की छत पर चढ़ गया। ट्रेन की छत पर युवक को देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद यात्री और रेलकर्मी हैरान रह गए। लोगों ने उसे नीचे उतरने की आवाज लगाकर समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माना. इसी दौरान युवक ट्रेन के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन विद्युत तार की चपेट में आ गया। तेज करंट लगने से वह बुरी तरह झुलस गया और संतुलन बिगड़ने के कारण ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा। घटना के बाद स्टेशन पर यात्रियों के बीच हड़कंप मच गया।

लोगों ने आवाज लगाकर नीचे उतरने को कहा…..
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक की पहचान सागु राम के रूप में हुई है। बताया गया कि वह अचानक ट्रेन की छत पर चढ़ गया और कुछ देर तक वहां घूमता रहा। युवक को इस तरह देखकर प्लेटफॉर्म पर मौजूद लोगों ने उसे नीचे उतरने के लिए आवाज लगाई, लेकिन उसने किसी की बात नहीं मानी. कुछ ही देर बाद वह ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन तार की चपेट में आ गया। करंट लगते ही युवक झुलस गया और ट्रेन की छत से नीचे गिर पड़ा।
रेलकर्मियों ने पहुंचाया अस्पताल…..
हादसे के तुरंत बाद रेलकर्मी और आसपास मौजूद लोग युवक की मदद के लिए पहुंचे। उसे तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, फिलहाल उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
रेलवे ने फिर चेताया- ट्रेन की छत पर न चढ़ें…..
घटना ने एक बार फिर रेलवे परिसर में सुरक्षा नियमों के पालन की जरूरत को उजागर किया है। रेलवे ट्रैक और ट्रेनों के ऊपर से गुजरने वाले हाईटेंशन विद्युत तार बेहद खतरनाक होते हैं। इनके संपर्क में आने से गंभीर रूप से झुलसने के साथ जान जाने का भी खतरा रहता है. रेलवे की ओर से यात्रियों को लगातार चेतावनी दी जाती है कि किसी भी परिस्थिति में ट्रेन की छत पर न चढ़ें और रेलवे के सुरक्षा नियमों का पालन करें। टाटानगर स्टेशन की घटना इसी लापरवाही के गंभीर परिणाम की ओर इशारा करती है।
