जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 33 किलोग्राम गांजा के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बिहार के पटना जिले के अथमलगोला थाना क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय उमेश कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से तीन ट्रॉली बैग में रखा गांजा तथा एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन बरामद किया है. पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 26 जुलाई 2026 की रात गुप्त सूचना मिली थी कि मानगो बस स्टैंड के गेट नंबर-5 के पास कुछ युवक ओडिशा से गांजा लाकर बिहार और वाराणसी भेजने की तैयारी में हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सिटी एसपी के पर्यवेक्षण में सीतारामडेरा थाना प्रभारी आनंद कुमार मिश्रा के नेतृत्व में एक विशेष छापेमारी टीम का गठन किया गया।


गठित टीम ने मानगो बस स्टैंड के समीप छापेमारी कर उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद तीन ट्रॉली बैग से करीब 33 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक सैमसंग एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किया है. इस मामले में सीतारामडेरा थाना कांड संख्या 80/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(B) एवं 29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि बरामद गांजा ओडिशा के किस क्षेत्र से लाया गया था तथा इस तस्करी नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं। साथ ही पुलिस फरार तस्करों और पूरे गिरोह की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है. इस कार्रवाई में सीतारामडेरा थाना पुलिस के पदाधिकारियों के साथ सशस्त्र बल के जवान भी शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में नशा तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
