जमशेदपुर : शहर में चोरी की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। चोर अब बंद घरों को निशाना बनाकर वारदातों को अंजाम दे रहे हैं। ताजा मामला टेल्को थाना क्षेत्र का है, जहां टाटा मोटर्स के एक कर्मचारी के बंद क्वार्टर का ताला काटकर चोर लाखों रुपये के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए. जानकारी के अनुसार, टेल्को थाना क्षेत्र के रोड नंबर-1 स्थित टाटा मोटर्स कर्मचारी मोहम्मद रिजवान के बंद क्वार्टर में चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। घटना की सूचना मिलते ही सोमवार को टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके।

पीड़ित मोहम्मद रिजवान ने बताया कि शनिवार रात वह अपने परिवार के साथ घर बंद कर मानगो स्थित ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अपने आवास चले गए थे। रविवार सुबह जब वह वापस क्वार्टर पहुंचे तो मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ मिला। घर के अंदर प्रवेश करने पर सभी सामान बिखरा पड़ा था और अलमारी का सामान भी अस्त-व्यस्त था. रिजवान के अनुसार, चोर अलमारी में रखे करीब तीन लाख रुपये मूल्य के जेवरात और नकदी लेकर फरार हो गए। हालांकि, जेवरात रखने वाले डिब्बे घर के भीतर ही पड़े मिले। आशंका जताई जा रही है कि चोरी करने के बाद आरोपी पीछे के दरवाजे से फरार हुए।
घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे लोगों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है. टेल्को थाना पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है और विभिन्न पहलुओं पर जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है। इधर, शहर में बंद घरों के साथ-साथ रात के समय बंद दुकानों में भी लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को लेकर पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
