आदित्यपुर : विश्व प्रकृति संरक्षण दिवस के अवसर पर, श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के इको क्लब और रोटरैक्ट क्लब ने 28 जुलाई 2026 को कॉलेज के मल्टीपर्पस हॉल में “ई-वेस्ट मैनेजमेंट” (इलेक्ट्रॉनिक कचरा प्रबंधन) पर एक जागरूकता सत्र का सफलतापूर्वक आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत प्राचार्या डॉ. मौसुमी महतो द्वारा रिसोर्स पर्सन के स्वागत के साथ हुई, जिसके बाद इको क्लब और रोटरैक्ट क्लब की कोऑर्डिनेटर श्रीमती रेखा कुमारी गोप ने स्वागत भाषण दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि ई-लॉजिक्स (ELogix) के सह-संस्थापक श्री अर्जुन सिंह गिल उपस्थित थे। ई-वेस्ट मैनेजमेंट और पर्यावरण स्थिरता (सस्टेनेबिलिटी) के बारे मे बताते हुए उन्होनें कहा कि ई वेस्ट को गलत तरीके से निपटाने से पर्यावरण को नुकसान होता है साथ ही उन्होने रीसाइक्लिंग जैसे व्यावहारिक समाधानों पर चर्चा की। उन्होंने छात्रों को पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार नागरिक बनने और एक स्वच्छ व हरित भविष्य के निर्माण में सक्रिय रूप से योगदान देने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
इस कार्यक्रम का उद्देश्य छात्रों के बीच ई-वेस्ट को जिम्मेदारी पूर्ण तरीके से निपटाने और पर्यावरण स्थिरता के महत्व के बारे में जागरूकता पैदा करना था। यह सत्र काफी इंटरैक्टिव रहा, जिसमें छात्रों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और ई-वेस्ट मैनेजमेंट से संबंधित सवाल पूछे। कार्यक्रम का संचालन श्रीनाथ कॉलेज ऑफ़ एजुकेशन के रोटरैक्ट क्लब की प्रेसिडेंट सह बी एड की छात्रा रोशनी कुमारी ने किया।
