जमशेदपुर : टिस्को मैकेनिकल डिपार्टमेंट को-ऑपरेटिव सोसाइटी लिमिटेड की 85वीं वार्षिक आम सभा शनिवार को Steelinium Hall में सोसाइटी के चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। सभा की शुरुआत पिछले वर्ष दिवंगत हुए सोसाइटी के चार सदस्यों की स्मृति में एक मिनट का मौन रखकर की गई. बैठक में सोसाइटी की ओर से सदस्यों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की गईं। सबसे प्रमुख रूप से सदस्यों के लिए लोन की अधिकतम सीमा 8.65 लाख रुपये से बढ़ाकर 9.50 लाख रुपये करने का निर्णय लिया गया। नई लोन सीमा 1 अक्टूबर 2026 से लागू होगी।

67.54 लाख रुपये का शुद्ध मुनाफा…..

अध्यक्ष अशोक कुमार गुप्ता ने सोसाइटी की पिछले वित्तीय वर्ष की आय-व्यय का लेखा-जोखा सदन के समक्ष प्रस्तुत किया, जिसे सदस्यों ने ध्वनि मत से पारित कर दिया। उन्होंने बताया कि वित्तीय वर्ष 2025-26 में सोसाइटी ने 67,54,101 रुपये का शुद्ध मुनाफा अर्जित किया है. सोसाइटी की लाभप्रद स्थिति को देखते हुए सदस्यों के लिए 12 प्रतिशत लाभांश देने की घोषणा की गई। इसके साथ ही मिठाई के लिए मिलने वाली राशि को भी 250 रुपये से बढ़ाकर 300 रुपये प्रति सदस्य कर दिया गया है। यह राशि 20 अगस्त तक सदस्यों के बैंक खातों में हस्तांतरित किए जाने की बात कही गई।
सदस्यों को 800 रुपये का गिफ्ट वाउचर……

सभा में 31 मार्च 2026 तक सोसाइटी के सदस्य रहे सभी सदस्यों को 800 रुपये का गिफ्ट वाउचर देने की भी घोषणा की गई। सदस्य यह वाउचर सोसाइटी कार्यालय से सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक प्राप्त कर सकेंगे. इसके अलावा 25 विशिष्ट सदस्यों को उपहार स्वरूप 2000 रुपये मूल्य का डिनर सेट प्रदान किया जाएगा।
लगातार दूसरी बार उत्कृष्ट सोसाइटी का सम्मान…..
चेयरमैन अशोक कुमार गुप्ता ने सोसाइटी की विभिन्न क्षेत्रों में हुई उल्लेखनीय प्रगति की जानकारी देते हुए बताया कि राज्य सरकार की ओर से सोसाइटी को लगातार दूसरी बार उत्कृष्ट सोसाइटी के पुरस्कार से सम्मानित किए जाने की प्रक्रिया/उपलब्धि से भी सदन को अवगत कराया गया। इस पर सदस्यों ने तालियों के साथ खुशी जाहिर की. बैठक में सदस्यों ने सोसाइटी की कार्यप्रणाली और प्रबंधन के प्रति संतोष व्यक्त किया। सदस्यों के हित में लिए गए निर्णयों का स्वागत करते हुए सोसाइटी के कामकाज की सराहना की गई।
कार्यक्रम के अंत में मनीषा कुमारी ने धन्यवाद ज्ञापन किया। मंच पर उपाध्यक्ष नीरज पाराशर, कोषाध्यक्ष आलोक सिन्हा, पुष्कर कुमार, जया कुमारी, घुमी हांसदा, सरस्वती हेंब्रम, प्रगति गिरी, शैलेश शर्मा और संदीप बेहरा समेत अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित थे।
