AIDSO-AIDYO ने नुक्कड़ सभा कर छात्रों से बड़ी संख्या में रांची पहुंचने की अपील की
जमशेदपुर : JPSC-JSSC परीक्षाओं में पेपर लीक, अनियमितता एवं कथित धांधली के खिलाफ रांची के जयपाल सिंह स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों के समर्थन में जमशेदपुर में AIDSO और AIDYO की ओर से नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा के माध्यम से आगामी 10 अगस्त को रांची में प्रस्तावित विधानसभा घेराव को सफल बनाने के लिए छात्रों से बड़ी संख्या में शामिल होने की अपील की गई. ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक स्टूडेंट ऑर्गनाइजेशन (AIDSO) एवं ऑल इंडिया डेमोक्रेटिक यूथ ऑर्गनाइजेशन (AIDYO) के नेताओं ने कहा कि छात्र आंदोलन के समर्थन में संगठन पूरी मजबूती के साथ खड़ा है। उन्होंने आम छात्रों से अपील करते हुए कहा कि वे अपने भविष्य और शिक्षा व्यवस्था से जुड़े सवालों को लेकर 10 अगस्त को रांची पहुंचें और विधानसभा घेराव में अपनी एकजुटता प्रदर्शित करें।

इस अवसर पर AIDYO के प्रदेश अध्यक्ष सुशांत सरकार ने कहा कि संगठन को उम्मीद है कि सरकार छात्रों की सभी मांगों पर सकारात्मक पहल करेगी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार नहीं किया तो 10 अगस्त के बाद आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा. AIDSO के प्रदेश अध्यक्ष समर महतो ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी दल की हो, उसे छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना चाहिए। उन्होंने कहा कि AIDSO छात्र आंदोलन के शुरुआती दौर से ही इसके साथ जुड़ा हुआ है। संगठन को उम्मीद है कि झारखंड सरकार छात्रों की समस्याओं के समाधान के लिए सकारात्मक पहल करेगी।
नुक्कड़ सभा के दौरान वक्ताओं ने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता, निष्पक्षता और विश्वसनीयता सुनिश्चित करना जरूरी है। छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सरकार को गंभीरता से विचार करते हुए ठोस कदम उठाने चाहिए. कार्यक्रम में AIDSO और AIDYO के जिला नेतृत्व से जुड़े राजीव दास, गौतम महतो, पतित पावन, पूजा, युधिष्ठिर कुमार, सुजीत जाना, राजेश कुमार, सनी सेनगुप्ता, सविता सोरेन, झरना महतो, प्रेम हसदा, अपूर्व महतो, कामेश्वर प्रसाद, अभिक महतो, रोहित कुमार राय, मनीष कुमार, जयराम रजवार, दिलीप कुमार महतो, दिनेश कुमार समेत कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
