नितिश कुशवाहा बोले- युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं, दोषियों पर हो कड़ी कार्रवाई

जमशेदपुर : झारखंड में JPSC, JSSC-CGL, उत्पाद सिपाही, PGTT, मैट्रिक समेत विभिन्न प्रतियोगी एवं भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक, अनियमितताओं और परीक्षा स्थगित होने को लेकर भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो), जमशेदपुर महानगर ने राज्य सरकार पर निशाना साधा है। भाजयुमो जिलाध्यक्ष एवं कोल्हान विश्वविद्यालय छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष नितिश कुशवाहा ने विवादित परीक्षाओं की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
प्रेस वार्ता में नितिश कुशवाहा ने कहा कि झारखंड का युवा वर्षों तक कठिन परिश्रम कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी करता है। अपनी पढ़ाई, समय और मेहनत लगाकर वह सरकारी नौकरी का सपना देखता है, लेकिन परीक्षा व्यवस्था को लेकर लगातार सामने आ रहे सवालों से लाखों अभ्यर्थियों के भविष्य और उनके भरोसे पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि “नौकरी युवाओं का अधिकार है, किसी सरकार की कृपा नहीं। वर्षों तक मेहनत करने वाले युवाओं के सपनों और भविष्य के साथ खिलवाड़ किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा।”
विवादित परीक्षाओं की CBI जांच की मांग
नितिश कुशवाहा ने JPSC, JSSC सहित जिन परीक्षाओं को लेकर गंभीर सवाल उठे हैं, उनकी स्वतंत्र और निष्पक्ष CBI जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि जांच केवल कुछ व्यक्तियों तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि कथित पेपर लीक के पूरे नेटवर्क, आर्थिक लेन-देन और इसमें शामिल सभी लोगों की भूमिका की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने अभय तिवारी से जुड़े लगाए गए आरोपों और जिन परीक्षाओं में उनकी कथित भूमिका जांच के दायरे में आती है, उन सभी मामलों की निष्पक्ष जांच की भी मांग की। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी परीक्षा में अनियमितता प्रमाणित होती है, तो अभ्यर्थियों के हितों को ध्यान में रखते हुए उचित कानूनी एवं प्रशासनिक कार्रवाई की जाए। आवश्यकता पड़ने पर संबंधित परीक्षा दोबारा आयोजित कराई जाए।
कुशवाहा ने कहा कि पेपर लीक का मामला सिर्फ प्रश्नपत्र चोरी तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे लाखों मेहनती अभ्यर्थियों के अधिकार और परीक्षा व्यवस्था पर भरोसे को चोट पहुंचती है। उन्होंने कहा कि जिस परीक्षा की निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े हों, वहां पारदर्शी जांच जरूरी है। दोषी व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो, उसे कानून के दायरे में लाया जाना चाहिए।
10 अगस्त के विधानसभा घेराव में शामिल होने की अपील
नितिश कुशवाहा ने 10 अगस्त को छात्रों एवं युवाओं द्वारा रांची में प्रस्तावित विधानसभा घेराव में युवाओं से शामिल होने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन रोजगार, निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया और युवाओं के अधिकारों की आवाज को लोकतांत्रिक तरीके से उठाने का माध्यम है. उन्होंने कहा, “झारखंड के प्रत्येक छात्र और युवा से आग्रह है कि 10 अगस्त को रांची पहुंचकर विधानसभा घेराव में अपनी आवाज बुलंद करें। यह किसी एक व्यक्ति या संगठन की लड़ाई नहीं, बल्कि लाखों युवाओं के भविष्य, मेहनत और अधिकार की लड़ाई है।”
सरकार युवाओं के धैर्य की परीक्षा न ले : कुशवाहा
भाजयुमो जिलाध्यक्ष ने राज्य सरकार से भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमितताओं के मामलों का स्थायी समाधान करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को जवाब देना होगा कि मेहनत करने वाले युवाओं के भविष्य के साथ कब तक खिलवाड़ होता रहेगा।
उन्होंने कहा कि भाजयुमो युवाओं के अधिकार और सम्मान की लड़ाई में सड़क से सदन तक आवाज उठाता रहेगा। उन्होंने इसे किसी एक परीक्षा का मुद्दा नहीं बताते हुए झारखंड के लाखों विद्यार्थियों की मेहनत, सम्मान, अधिकार, रोजगार और भविष्य से जुड़ा विषय बताया।
प्रेस वार्ता में ये रहे मौजूद
प्रेस वार्ता में भाजपा नेता चिंटू सिंह, कृष्णकांत राय, UPSC/JPSC अभ्यर्थी बिनय सिंह, ममता सिंह, सोनी कुमारी, अमित मेहता, सोनू मौर्य, अमित पांडेय, मुकेश सिंह समेत अन्य भाजपा कार्यकर्ता एवं छात्र-युवा मौजूद रहे।
