जमशेदपुर : पूर्वी सिंहभूम पुलिस ने अवैध हथियार और कारतूस उपलब्ध कराने वाले संगठित आपराधिक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जुगसलाई थाना क्षेत्र से गिरोह के एक सक्रिय सदस्य को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से दो पिस्टल मैगजीन, चार जिंदा कारतूस, दो मोबाइल फोन तथा एक स्विफ्ट डिजायर कार बरामद की गई है।



प्राप्त जानकारी के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक पूर्वी सिंहभूम को 4 जून 2026 को गुप्त सूचना मिली थी कि हथियार एवं कारतूस उपलब्ध कराने वाले गिरोह का एक सक्रिय सदस्य जुगसलाई क्षेत्र में आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (विधि-व्यवस्था) सुमित कुमार के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया।
छापामारी के दौरान पुलिस ने सैयद अदनान मिर्जा (27 वर्ष) को गिरफ्तार किया। वह आजादनगर थाना क्षेत्र के ओल्ड पुरुलिया रोड स्थित अल-यासीन अपार्टमेंट का निवासी है। पुलिस ने उसे उसकी सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार (संख्या JH01DF9259) के साथ हिरासत में लिया।
पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर कार की पिछली सीट के नीचे बने एक गुप्त स्थान से दो लोहे के पिस्टल मैगजीन बरामद किए गए। दोनों मैगजीन में दो-दो 7.65 एमएम के जिंदा कारतूस लोड थे। इसके अलावा आरोपी के पास से दो एंड्रॉयड मोबाइल फोन भी जब्त किए गए।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया है कि वह अपने सहयोगियों के साथ मिलकर आवश्यकता के अनुसार गिरोह के सदस्यों तथा अन्य लोगों को हथियार और कारतूस उपलब्ध कराता था। मामले में पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है तथा गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है।
बरामद सामान…..
दो पिस्टल मैगजीन, चार जिंदा 7.65 एमएम कारतूस, दो मोबाइल फोन, एक सफेद रंग की स्विफ्ट डिजायर कार
आपराधिक रिकॉर्ड…..
पुलिस के अनुसार, आरोपी सैयद अदनान मिर्जा के खिलाफ पहले भी गोलमुरी थाना कांड संख्या 80/2023 में धारा 341, 323, 307, 379, 298 एवं 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज है. पुलिस का कहना है कि इस गिरफ्तारी को अवैध हथियारों के नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है और मामले से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।



