शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने का संकल्प, युवा अधिवेशन के समापन पर हजारों कार्यकर्ताओं ने लिया संकल्प
जमशेदपुर : आजसू पार्टी के दो दिवसीय राज्य युवा अधिवेशन के अंतिम दिन शनिवार को पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो ने युवा शक्ति को झारखंड के भविष्य की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आजसू पार्टी युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि संगठनकर्ता और नेतृत्वकर्ता के रूप में तैयार करेगी। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो के सपनों का झारखंड बनाने के लिए युवाओं को नेतृत्व की मुख्यधारा में लाने का पार्टी ने संकल्प लिया है।

अधिवेशन के समापन अवसर पर बिरसा मुंडा टाउन हॉल से सुदेश महतो आजसू युवा कार्यकर्ताओं के साथ बस मार्ग से चमरियां गेस्ट हाउस स्थित शहादत स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने शहीद निर्मल महतो को श्रद्धांजलि अर्पित की और दो मिनट मौन रहकर आत्ममंथन किया। इसके बाद उलियान स्थित शहीद निर्मल महतो के समाधि स्थल पर पुष्प अर्पित कर उनके परिवार से मुलाकात की तथा कुशलक्षेम जाना। इसके बाद कदमा गणेश पूजा मैदान में आयोजित सभा को संबोधित किया।
सभा को संबोधित करते हुए सुदेश महतो ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि विरासत में मिली सत्ता के सुख में सरकार जनता और युवाओं का दर्द सुनना भूल गई है। उन्होंने कहा कि राज्य का युवा अपने अधिकार, रोजगार और भविष्य के लिए संघर्ष करने को मजबूर है। सरकार के मुखिया से महज कुछ सौ मीटर की दूरी पर युवा अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, लेकिन उनकी आवाज सत्ता के गलियारों तक नहीं पहुंच रही है. उन्होंने कहा कि यह स्थिति झारखंड के लिए चिंताजनक है। सरकार को युवाओं की आवाज सुननी होगी और उनके भविष्य को लेकर ठोस कदम उठाने होंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता का प्रभाव अब शासन-प्रशासन में दिखाई दे रहा है, जबकि आम जनता और युवा अपनी समस्याओं को लेकर परेशान हैं।
निर्मल महतो के सपनों का झारखंड धूमिल हो रहा : सुदेश…..
शहीद निर्मल महतो को याद करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि जिस धरती पर आज आजसू के कार्यकर्ताओं ने बैठकर आत्ममंथन किया, वहां निर्मल दा के बलिदान और संघर्ष की स्मृतियां आज भी जीवंत हैं। उन्होंने कहा कि शहीद निर्मल महतो ने जिस झारखंड की कल्पना की थी, उसमें युवाओं के लिए रोजगार, बेहतर शिक्षा, समुचित विकास और झारखंडी विचार एवं अस्मिता को सम्मान मिलना था। लेकिन आज उनके सपनों का झारखंड धूमिल होता दिखाई दे रहा है।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी केवल सत्ता की राजनीति नहीं करती, बल्कि आने वाली पीढ़ी को तैयार करने की राजनीति करती है। पार्टी का लक्ष्य युवाओं को संगठन में आगे बढ़ने, अपनी बात रखने, निर्णय लेने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का अवसर देना है। युवाओं में नेतृत्व क्षमता, निर्णय लेने का साहस और झारखंड के भविष्य को लेकर स्पष्ट सोच विकसित करना पार्टी की प्राथमिकता है. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में झारखंड को बेहतर बनाने, संवारने और संभालने की जिम्मेदारी नई पीढ़ी के हाथों में होगी। आजसू इसी उद्देश्य के साथ युवाओं को तैयार कर रही है।
युवाओं को नेतृत्व देकर विकसित झारखंड का सपना साकार करना लक्ष्य : रामचंद्र सहिस…..
आजसू पार्टी के केंद्रीय नेता रामचंद्र सहिस ने कहा कि पार्टी ने युवाओं को केवल कार्यकर्ता नहीं, बल्कि भविष्य का नेतृत्व मानते हुए उन्हें निखारने और अवसर देने का काम किया है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बोलने, समझने, निर्णय लेने और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष करने का मंच उपलब्ध कराया जा रहा है।
सहिस ने कहा कि आजसू की सोच केवल संगठन के विस्तार तक सीमित नहीं है। युवा कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण और वैचारिक पाठशाला के माध्यम से संगठनकर्ता एवं जननेता के रूप में तैयार किया जा रहा है। पार्टी का लक्ष्य नई पीढ़ी में आत्मविश्वास, अनुशासन, निर्णय लेने का साहस तथा राज्य को संवारने और संभालने की ऊर्जा विकसित करना है. उन्होंने युवाओं से शहीद निर्मल महतो के संघर्ष, त्याग और वैचारिक विरासत को आगे बढ़ाने तथा जनसेवा के माध्यम से नए झारखंड के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
निर्मल महतो के विचारों को आत्मसात कर बेहतर झारखंड बनाने का संकल्प : देवशरण भगत…..
आजसू पार्टी के प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत ने कहा कि पार्टी के युवा नेताओं का उद्देश्य केवल राजनीतिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है। युवा झारखंड आंदोलन के महानायक स्वर्गीय निर्मल महतो के विचारों और संघर्षों पर गंभीर चिंतन करते हुए राज्य के बेहतर भविष्य की रूपरेखा तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि आजसू पार्टी सत्ता सुख की राजनीति में विश्वास नहीं करती, बल्कि संघर्ष, जनसेवा और जनहित के मार्ग पर चलने वाले नेतृत्व का निर्माण करना चाहती है। इसी उद्देश्य से राज्यभर से युवा कार्यकर्ता अधिवेशन में जुटे हैं, जहां झारखंड की वर्तमान सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक परिस्थितियों पर मंथन कर भविष्य की दिशा तय की गई।
डॉ. भगत ने कहा कि युवा पीढ़ी को झारखंड आंदोलन के इतिहास, निर्मल महतो के आदर्शों और राज्य के विकास में अपनी जिम्मेदारियों से अवगत कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने विश्वास जताया कि आजसू के युवा कार्यकर्ता संघर्ष की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए बेहतर, समृद्ध और विकसित झारखंड के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
झामुमो नेता कान्हू सामंत ने समर्थकों के साथ थामा आजसू का दामन…..
कार्यक्रम के दौरान आंदोलनकारी झामुमो नेता कान्हू सामंत ने अपने समर्थकों के साथ आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। पार्टी नेताओं ने उनका स्वागत करते हुए कहा कि उनके शामिल होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
हजारों युवा कार्यकर्ता रहे मौजूद…..
कार्यक्रम में प्रधान प्रवक्ता डॉ. देवशरण भगत, पूर्व मंत्री लंबोदर महतो, संजय मेहता, चंद्रगुप्त सिंह, हरे लाल महतो, नंदू पटेल, छुटनी महतो, परवाज खान, जिला अध्यक्ष कन्हैया सिंह, अप्पू तिवारी, लालन झा, रविशंकर मौर्या, चंद्रेश्वर पांडेय, मंटू शुक्ला, आकाश सिन्हा, परवीन प्रसाद, ललित सिंह, कुंदन सिंह, राजेश चौधरी, संजय मालाकार समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता एवं हजारों युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
